नवविवाहित जोड़े को दी सुरक्षा, भेजा सेफ हाऊस

punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2015 - 10:51 AM (IST)

अंबाला शहर/कुरुक्षेत्र (सुशांत): नवविवाहित जोड़े ने सैशन जज दीपक गुप्ता की अदालत में परिजनों से खतरा बताते हुए सुरक्षा के लिए गुहार लगाई। अदालत ने विवाहित जोड़े के दस्तावेजों को देखने के बाद पुलिस को लड़का-लड़की को सुरक्षा मुहैया करवाने के आदेश दिए। अदालत ने जोड़े को सेफ हाऊस भेजकर लड़की के पिता व 3 चाचों को सम्मन जारी कर शुक्रवार को अदालत में पेश होने के आदेश दिए।

शहर निवासी नीरज कुमार व कुरुक्षेत्र निवासी रितु रानी दोनों कालेज में साथ पढ़ते थे और एक-दूसरे से प्यार करते थे। उन्होंने अपने परिजनों को भी अपने प्यार के बारे में बताया और शादी करने की इच्छा जताई लेकिन लड़की के परिजनों को इस शादी से एतराज था और उन्होंने शादी से इंकार कर दिया। जिसके चलते दोनों शहर के वाल्मीकि मंदिर में शादी करके अदालत में सुरक्षा के लिए गुहार लगाई।

नवविवाहित जोड़े की तरफ से संजीव वशिष्ठ अदालत में पेश हुए। उन्होंने अदालत से गुहार लगाई कि लड़का व लड़की दोनों बालिग है और पढ़े-लिखे हैं। वशिष्ठ ने कहा कि लड़का व लड़की दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और उन्होंने शादी की है लेकिन लड़की के परिजनों को इस शादी से एतराज है और नवविवाहित जोड़े को उनसे खतरा है इसलिए उन्हें पुलिस सुरक्षा मुहैया करवाई जाए। अदालत ने लड़की के परिजनों को सम्मन जारी कर शुक्रवार को अदालत में पेश होने के आदेश दिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static