विश्व में मुस्लिमों के लिए भारत से सुरक्षित देश व हिंदू से अच्छा दोस्त नहीं : शाहनवाज

punjabkesari.in Tuesday, Oct 17, 2017 - 01:28 PM (IST)

नारायणगढ़(उमा):भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पूरे विश्व में मुसलमानों के लिए हिंदुस्तान से अधिक सुरक्षित देश व हिंदू से अच्छा दोस्त कोई और नहीं है व न ही हो सकता है। हुसैन गत दिवस हिमाचल में चुनाव प्रचार पर जाने से पहले नारायणगढ़ में राज्यमंत्री नायब सैनी के कार्यालय पर लोगों से रू-ब-रू हो रहे थे। हुसैन ने प्रैस के साथ बातचीत करते हुए बेबाकी से सवालों के जवाब दिए। गुरदासपुर में भाजपा की हार के सवाल पर राष्ट्रीय प्रवक्ता हुसैन ने कहा कि ये जीत कांग्रेस की नहीं बल्कि सुनील जाखड़ की शख्सियत की विजय है। साथ ही यह भी कह डाला कि इसका बदला हिमाचल को कांग्रेस मुक्त करके ले लिया जाएगा।

हाल ही में जी.एस.टी. में किए बदलाव क्या संघ के दबाव में किए गए, सवाल के जवाब में भाजपा नेता ने कहा कि हमारी सरकार जनता की आवाज पर काम करती है और इन बदलाव को जनहित के संदर्भ में ही देखा जाना चाहिए। भाजपा में 20 वर्ष पहले भी 2 बड़े मुस्लिम चेहरे सिकंदर बखत व आरिफ बेग थे व आज भी 2 ही बड़े चेहरे मुख्तार अब्बास नकवी व शाहनवाज हुसैन ही है, के सवाल पर हुसैन ने कहा कि हुसैन व नकवी जैसे हजारों लाखों मुसलमान कार्यकर्ता भाजपा से जुड़े हैं लेकिन आप लोग (मीडिया) दिखाते नहीं हो। पूरे देश में भाजपा गुजरात माडल का उदाहरण देती है लेकिन इस बार गुजरात चुनाव में बाहर के राज्यों से स्टार प्रचारकों को बुलाने के सवाल में पूर्व केंद्रीय मंत्री का कहना था कि चुनावों में पार्टी कार्यकर्ता, नेता जाते रहे हैं इसमें कोई नई बात नहीं है। उन्होंने स्वयं का उदाहरण देते हुए कहा कि मैं 24 कैरेट बिहारी हूं लेकिन हिमाचल प्रचार के लिए जा रहा हूं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static