ससुराल में फंदे पर लटकी मिली महिला, दहेज हत्या का आरोप

punjabkesari.in Thursday, Sep 21, 2017 - 05:02 PM (IST)

फरीदाबाद(पंकेस): इंदिरा कालोनी में रहने वाली एक विवाहिता की रहस्यमय तरीके से फांसी के फंदे से लटक कर मौत हो गई। मृतका के ससुराल वालों का कहना है कि उसने आत्महत्या की है। मृतका के भाई का आरोप है कि उसकी बहन ने खुद आत्महत्या नहीं की। बल्कि ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न कर पाने पर फांसी के फंदे से लटका कर उसकी हत्या की है। थाना सेक्टर सात पुलिस ने आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक आर्य नगर में रहने वाले हिजेश सोलंकी ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसने अपनी बहन कविता का विवाह इंदिरा नगर में रहने वाले सतेंद्र भाटी के साथ किया था। विवाह के दौरान उसने अपनी हैसियत से बढ़कर दान दहेज दिया था। लेकिन इसके बावजूद उसकी बहन के ससुराल वाले शुरू से ही खुश नहीं थे। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वाले दहेज में लाखों रुपये की मांग कर रहे थे। इसे लेकर ससुराल वालों ने आए दिन कविता के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। परेशान होकर कविता ने उसे सबकुछ बता दिया। उसने बहन के ससुराल वालों को समझाने का काफी प्रयास किया।

उन्होंने अपना व्यवहार जरा भी नहीं बदला। गतदिवस उसे सूचना मिली कि उसकी बहन कविता ने अपने कमरे में फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही उसने मौके पर पहुंच कर पुलिस को शिकायत दे दी। पीड़ित व्यक्ति का आरोप है कि उसकी बहन ने खुद आत्महत्या नहीं की। बल्कि ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न कर पाने के कारण उसकी फांसी के फंदे से लटका कर हत्या की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static