बेटी बचाओ का नारा लगाने वाली भाजपा बचा रही दागी बेटे को : तंवर

punjabkesari.in Monday, Aug 07, 2017 - 08:40 AM (IST)

फरीदाबाद(सूरजमल):कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा है कि भाजपा का बेटी बचाओ अभियान पूरी तरह से नाकाम साबित हुआ है। जो भाजपा सरकार बेटी बचाने की बात करती है, वह अब कलंकित बेटे को बचाने में जुट गई है। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला से नैतिकता के आधार पर तुरंत इस्तीफा दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा हाईकमान को तुरंत ऐसे व्यक्ति को पदमुक्त कर देना चाहिए, जिसके पुत्र ने हरियाणा में बेटियों की इज्जत को तार-तार करने का काम किया है। 

तंवर फरीदाबाद में खेड़ी चौक पर उक्त घृणित कार्य के विरोध में कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला व उनके पुत्र विकास बराला के पुतले फूंके। तंवर ने भाजपा पर हल्ला बोलते हुए कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा सरकार बनी है, तब से प्रदेश में बलात्कार की घटनाएं बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद निंदनीय है कि प्रदेशाध्यक्ष के बेटे को बेहद कमजोर धाराओं में गिरफ्तार किया है ताकि उसे जमानत मिल सके।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static