ओलंपियन बॉक्सर मनोज ने कहा DSP के अलावा और कोई पद नहीं मंजूर

punjabkesari.in Thursday, Jan 19, 2017 - 06:12 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़):2 बार ओलंपियन और कॉमनवेल्थ खेलों में बॉक्सिंग के स्वर्ण पदक विजेता अर्जुन अवार्डी बॉक्सर मनोज का कहना है कि उन्हें डीएसपी पद के अलावा कोई दूसरा पद मंजूर नहीं होगा। बॉक्सर मनोज डीएसपी पद हासिल करने के लिये हुड्डा सरकार के बाद भाजपा सरकार से भी उम्मीदें बांधे हुये हैं। हाल ही में भाजपा सरकार ने खिलाडि़यों को डीएसपी के अलावा दूसरे पद देने की बात भी कही थी। इसके जवाब में बॉक्सर मनोज ने कहा कि उन्हे डीएसपी पद ही चाहिये क्योंकि इसका आश्वासन मुख्यमंत्री और खेल मंत्री दोनों ने ही दिया था। उन्होनें कहा कि उनके खेल , उपलब्धि और मेहनत को असली सम्मान डीएसपी पद से ही होगा। इसके अलावा उन्हे दूसरा कोई भी पद मंजूर नहीं होगा। 

बहादुरगढ़ पहुंचे बॉक्सर मनोज हालांकि मुख्यमंत्री मनोहरलाल और खेल मंत्री अनिल विज पर पूरी उम्मीद भी जताई है कि उन्हे इनसे न्याय मिलेगा। उनका कहना है कि अगर उन्हे न्याय नहीं मिला तो वो अपना हक हासिल करने के लिये कोर्ट में भी जा सकते हैं। बॉक्सर मनोज का कहना है कि उनकी कोई पहुंच नहीं है और ना ही राजनीतिक पहुंच है। उन्होंने अर्जुन अवार्ड भी कोर्ट में लड़ कर हासिल किया है। 

बॉक्सर का दर्द इसलिये भी है क्योंकि उनसे कम उपलब्धि वालों को भी हरियाणा सरकार में डीएसपी पद से नवाजा जा चुका है। वहीं बॉक्सर मनोज ने 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक, साल 2016 में हुये साउथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक और एशियन चैम्पियनशिप में भी दो बार कांस्य पदक जीता है। इसके साथ दो बार ओलम्पिक खेलों की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अपनी हाजिरी दर्ज करवा चुके हैं। हाल फिलहाल बॉक्सर मनोज टोक्यो ओलम्पिक की अपनी तैयारियों में जुटे हैं । उनका कहना है कि टोक्यो ओलम्पिक में वो हर सूरत में पदक हासिल करके रहेंगे और उसके बाद उनके साथ भेदभाव करने वाले राजनेताओं और सरकारों को अपने किये पर बेहद अफसोस भी होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static