निर्धारित समय पर होंगे विस चुनाव, पहले कराने का कोई प्रश्न ही नहीं: CM खट्टर(Video)

punjabkesari.in Saturday, Jan 13, 2018 - 01:40 PM (IST)

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी): मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हरियाणा विधानसभा के आगामी चुनाव वर्ष 2019 में अपने निर्धारित समय पर ही होंगे। वर्ष 2018 में विधानसभा चुनाव कराने का कोई प्रश्र ही नहीं है। पूरे देश में लोकसभा व राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ करवाने का एक माहौल बनाने का प्रयास प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी की पहल पर किया गया था। अगर ऐसा होता है तो हरियाणा इसके लिए तैयार है। मुख्यमंत्री स्वामी विवेकानंद की 156वीं जयंती के अवसर पर पंचकूला के सैक्टर एक स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस पर ‘कनैक्ट टू सी.एम.’ कार्यक्रम के तहत युवाओं से सीधा संवाद करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। 

शाह का हरियाणा दौरा पहले से हो गया था तय
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 15 फरवरी से प्रस्तावित 3 दिवसीय दौरे के संबंध में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शाह के दौरे का कार्यक्रम गत वर्ष रोहतक में उनके दौरे के समय ही तय हो गया था कि वे फरवरी, 2018 में फिर से हरियाणा का दौरा करेंगे। इस दौरे के दौरान पार्टी संगठन को मजबूत बनाने व रोहतक कार्यक्रमों की रूपरेखा की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान हरियाणा के युवा मोटरसाइकिल पर रैलियां कर लोगों को सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। 
  
2019 में BJP फिर से सत्ता में आएगी: CM
एक प्रश्र के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की एक मजबूत पार्टी है। हरियाणा में पार्टी के 30 लाख सदस्य और 30 हजार सक्रिय कार्यकर्त्ता हैं। पार्टी को विधानसभा के आगामी चुनावों के लिए मजबूत करना है और 2019 में निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी फिर से सत्ता में आएगी। 

हर जिले में होगा एक मेडिकल कॉलेज
पंचकूला मेडीकल कॉलेज के संबंध में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला में आयूष का एम्ज को स्वीकृति दी है जिसके लिए 25 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। हर जिले में एक मेडीकल कॉलेज हो, इस दिशा में 7 जिलों में स्वीकृति प्रदान की गई है और 7 और की प्रक्रिया जारी है।

मरीजों के लिए नई पॉलिसी लाएंगे
वहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि 50 से अधिक बिस्तरों वाले प्राइवेट अस्पतालों के लिए डूज एंड नॉट टू डूज (क्या करना है और क्या नहीं), पर केंद्र सरकार कानून बना रही है। नागरिक अस्पतालों में मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों जैसी सुविधा मिले, इसलिए सरकार शीघ्र ही एक बीमा नीति ला रही है, उसके बाद यह मरीज पर निर्भर करेगा कि वह नागरिक अस्पताल में इलाज करवाना चाहता है या प्राइवेट अस्पताल में। प्राइवेट अस्पताल में इलाज पर खर्च होने वाले पैसे को बीमा राशि से कवर किया जाएगा।

ग्रुप-डी की 30 हजार भर्तियां की जाएंगी
सीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार वाई-फाई फार्मूले पर काम कर रही है। यानी महिला सशक्तिकरण, इन्फ्रास्ट्रक्चर, इंडस्ट्री-किसान और युवा। सुरक्षा के लिए महिला थाने खोले। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम लागू किया। तीन वर्षों में 22 हजार छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाइयां लगी हैं। जिनमें एक लाख 10 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि ग्रुप-डी की 30 हजार भर्तियां होंगी। सीएम ने कहा कि गणित में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त होते हैं। प्रदेश में ब्लॉक स्तर पर गणित प्रयोगशालाएं और हर महाविद्यालय में विज्ञान विषय की कक्षाएं अनिवार्य करने के प्रस्ताव तैयार किए हैं।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static