अमित शाह से मिले CM खट्टर, जल्द हो सकता है बराला का इस्तीफा!

punjabkesari.in Friday, Aug 18, 2017 - 03:16 PM (IST)

चंडीगढ़(पांडेय):बेटे के कारनामों से जनता और विपक्षी दलों के निशाने पर आए भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के इस्तीफे पर अब पार्टी मन बना चुकी है। सूत्रों की मानें तो इस संबंध में गत दिवस मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की है। बताया गया कि दोनों नेताओं की मुलाकात में बराला प्रकरण के साथ ही हरियाणा की मौजूदा स्थितियों पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा मंत्रिमंडल में बदलाव और मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की चर्चाएं भी उठ रही हैं। इसी महीने के अंत तक नया प्रदेशाध्यक्ष बनाने के साथ ही मंत्रिमंडल में भी फेरबदल हो सकता है। 

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों आई.ए.एस. अफसर वी.एस. कुंडू की बेटी के साथ छेड़छाड़ मामले में भाजपा सरकार विपक्ष की किरकिरी झेल रही है। हालांकि विकास बराला सलाखों के पीछे पहुंच चुका है लेकिन अभी भी पार्टी के भीतर और बाहर बराला के इस्तीफे की चर्चाएं थमी नहीं है। बताया गया कि जल्द ही बराला को प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाया जा सकता है। वजह साफ है कि पार्टी किसी भी तरह से ऐेसे मामलों में नुक्सान नहीं चाहती है। वहीं आज जाट नेता यशपाल मलिक ने भी अमित शाह से मुलाकात कर समैण में हुए हमले की जानकारी दी।

2 मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी  
बताया गया कि मौजूदा मंत्रियों में से 2 मंत्रियों की छुट्टी करके 2 नए विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। इनमें मुख्य संसदीय सचिव के पद से हटाए गए 2 लोगों को जगह मिल सकती है। सिख कोटे से मुख्य संसदीय सचिव पद से हटे बख्शीश सिंह विर्क को भी मंत्री बनाया जा सकता है। 

प्रदेशाध्यक्ष के लिए नायब सैनी और कमल गुप्ता का नाम आगे 
सरकार की ओर से नए प्रदेशाध्यक्ष के लिए राज्यमंत्री नायब सैनी और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव व हिसार विधायक डा. कमल गुप्ता का नाम चर्चाओं में है। सूत्रों की मानें तो नायब सैनी मुख्यमंत्री की पसंद हैं और लंबे समय से पार्टी में काम कर रहे हैं। सांसद राजकुमार सैनी के मुकाबले नायब सैनी को खड़ा किया जा सकता है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static