दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने किया खुलासा, NRI शादी के नाम पर लड़कियों से कर रहे धोखा

punjabkesari.in Saturday, Jul 22, 2017 - 04:42 PM (IST)

चंडीगढ़(बंसल):हरियाणा में एन.आर.आई. शादी के नाम लड़कियों से धोखा कर रहे हैं और ऐसे मामले हरियाणा के 6 जिलों करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, हिसार, सिरसा व फतेहाबाद में ज्यादा है। यह खुलासा दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति जयहिंद ने पत्रकारों के समक्ष किया। 

स्वाति ने बताया कि इस मामले में पूरी जानकारी के लिए हरियाणा महिला आयोग को पत्र लिखा गया है। स्वाति जयहिंद ने बताया कि केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने एन.आर.आई. मैरिज डिस्प्यूट को  दूर करने को लेकर एक कमेटी का गठन किया है जिसमें उन्हें भी सदस्य बनाया गया है। इसलिए वे हरियाणा व पंजाब में ऐसे केसों के बारे में जानने के लिए चंडीगढ़ आई हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा महिला आयोग से इस संदर्भ में सुझाव भी मांगे गए है। 

उन्होंने कहा कि अब हॉलिडे वाइफ के कंसैप्ट को रोके जाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जो कानून है उनके तहत यदि कोई एन.आर.आई. दूल्हा किसी लड़की के साथ शादी करके उसे छोड़कर विदेश चला जाता है तो उसे अपने देश में वापस लाना बहुत मुश्किल है। इसलिए देश में शादी करके लड़की को छोड़कर विदेश भागने वाले एन.आर.आई. दूल्हों को सजा दिलवाने के लिए एक सख्त कानून की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब की तरह पूरे देश में एन.आर.आई. कमीशन होने चाहिए। 

स्वाति जयहिंद ने बताया कि कमेटी को अपनी रिपोर्ट देने से पहले हरियाणा व अन्य राज्यों में चल रहे महिला आयोग व एन.आर.आई. कमीशन आदि का दौरा कर रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा महिला आयोग द्वारा इस संबंध में रिपोर्ट भेजने के बाद व अन्य राज्यों से मिलने वाली शिकायतों के आधार पर वे अपनी रिपोर्ट विदेश मंत्रालय द्वारा बनाई गई कमेटी को भेजेंगी। स्वाति जयहिंद ने लोगों से भी इस बारे में सुझाव मांगे हैं। जिसके लिए उन्होंने एक ई-मेल आई.डी. जारी किया है।

दिल्ली महिला आयोग ज्यादा पावरफुल
स्वाति जयहिंद ने बताया कि दिल्ली महिला आयोग ने एक साल में 12 हजार केस किए हैं जबकि 3.15 लाख कॉल्स अपनी महिला हैल्पलाइन 181 पर रिसीव की है। इसके अलावा 55 सिफारिश केंद्र व दिल्ली सरकार को भेजी हैं, 1869 काऊंसिलिंग सैशन किए हैं। आयोग ने 5500 कोर्ट केस में यौन शोषण पीड़िताओं की मदद की है। आयोग ने 7500 फील्ड विजिट किए हैं। स्वाति जयहिंद ने बताया दिल्ली महिला आयोग बिना दांतों का आयोग नहीं, बल्कि काफी पावरफुल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static