इंडस्ट्री एरिया की फैक्ट्री में धमाका, 3 फैक्ट्रियों की दीवारें गिरी

punjabkesari.in Monday, Aug 14, 2017 - 10:23 AM (IST)

रोहतक:इंडस्ट्री एरिया की एक फैक्ट्री में गत दिवस धमाके के साथ भीषण आग लग गई, जिसमें 3 व्यक्ति बुरी तरह से जख्मी हो गए। घायलों में से एक को पी.जी.आई. में भर्ती करवाया गया बाकी 2 निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और 2 घंटे की मशक्त के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर फैक्ट्री मालिक के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज करते हुए आगामी कार्यवाई शुरू की है। आग लगने का कारण का पता फिलहाल नहीं चल पाया लेकिन, बताया जा रहा है कि पटाखों में भरने वाले पोटाश के कारण तेज धमाके के साथ आग लगी है।

जानकारी मुताबिक इंडस्ट्री एरिया की फैक्ट्री नम्बर-30 में अचानक धमाके के साथ आग की लपटें उठती नजर आईं। लिब्रा मैग्नीशियम फैक्ट्री में शैड लगाने का कार्य कर रहे कर्मचारी सोनू पुत्र सूरजभान निवासी शास्त्री नगर का शरीर खासी ऊंचाई तक उछलकर आग में जा गिरा, इससे उसके शरीर का करीबन 90 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है। चिकित्सकों के मुताबिक सोनू की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। शरीर बुरी तरह से झुलस हुआ है। वहीं, 2 अन्य लोगों के झुलसने की सूचना है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग लगातार बढ़ती जा रही थी। इस परिस्थिति में युवा साथियों ने जान जोखिम में डालते हुए लोगों को आग से बाहर निकाला। धमाके से आस-पास के लोग सहम हुए हैं।

दीवार का मलबा दूर-दूर तक बिखरा 
आग लगने से पूर्व इतनी तेज धमाका हुआ कि फैक्ट्री के साथ लगती अन्य 3 फैक्ट्रियों की दीवारें भी गिर गईं। फैक्ट्री पर लगे शैड के परखच्चे हवा में उड़ते नजर आए। दीवारों से मलबा और इंट घटना स्थल पर बिखर नजर आई। फैक्ट्री में लगे आग बुझाने के सिलैंडर भी इधर-उधर गिरे नजर आए। इतना ही आग इतनी भीषण थी कि आग की लपटों से पेड़ों को भी खासी क्षति पहुंची। इसके चलते देखते ही देखते घटनास्थल पर आस-पास के लोगों भारी भीड़ जमा होनी शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटनास्थल पर पर्याप्त संसाधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान दमकल विभाग को सूचित कर घटना की जानकारी दी गई, जिससे दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्त के बाद आग पर काबू पाया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static