शादी न होने पर प्रेमिका ने प्रेमी की मां से लिया खोफनाक बदला, खुद भी हो गई हादसे का शिकार

punjabkesari.in Sunday, Mar 26, 2017 - 03:57 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीन कुमार):बहादुरगढ़ के डाबौदा खुर्द गांव में एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी की मां को जलाकर मार डाला है। आरोपी महिला भी इस पूरे हादसे में झुलस गई, जिसे गांव वालों ने मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस ने उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया है। मामला शनिवार रात का है। आरोपी सुनीता ने सरोज की दुकान में घुसकर उसके उपर तेल छिड़कर आग लगा दी। सरोज को बचाने आई उसकी बहू अल्का भी इस हादसे में झुलस कर घायल हो गई है। गंभीर रूप से झुलसी हुई सरोज ने उपचार के दौरान नीजि अस्पताल में दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रेमी की शादी से खफा प्रेमिका ने अपनी ना हो सकी सास की जलाकर हत्या कर दी। प्रेमी की मां से बदला लेने के लिए आरोपी सुनीता दो अन्य महिलाओं के साथ गांव में आई थी। दिन-भर सुनीता ने गांव में किराए के नाम पर मकान तलाश किया और शाम के वक्त मौका देखकर प्रेमी सत्यवान की मां सरोज पर तेल छिड़ककर आग लगा दी। आरोपी ने मृतका की दुकान पर ही घटना को अंजाम दिया है। गांव वालों ने बताया कि मृतका सरोज के बेटे सत्यवान और आरोपी सुनीता के बीच प्रेम प्रसंग था, लेकिन उनकी शादी नहीं हो पाई। इसी बीच सत्यवान की अल्का नाम की लड़की से शादी हो गई और उसके बाद से सुनीता बदला लेने का प्लान बना रही थी।

प्रेमी की मां को जलाने के चक्कर में आरोपी सुनीता को भी आग लग गई, जिसमें वो भी गंभीर रूप से झुलसी हुई है। आग लगने के बाद उसने मौके से भागने की कोशिश की लेकिन गांव वालों ने उसे पकड़ लिया और मौके पर ही पुलिस को सौंप दिया। पुलिस जांच अधिकारी जसबीर ने बताया कि आरोपी को इलाज के लिए पीजीआई रोहतक में भर्ती करवाया गया है। मृतका सरोज की बहू अल्का की हालत अभी खतरे से बाहर बताई जा रही है। अल्का भी अपनी सास को बचाने के चक्कर में झुलस गई थी। पुलिस ने अल्का के बयान पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बदले की आग में जल रही प्रेमिका ने अपने इस खतरनाक मंसूबे को अंजाम देने के लिए अपने साथ दो और महिलाओं को भी साथ लिया था। जो सुबह से उसके साथ गांव में घूम रही थी। लेकिन घटना के बाद से ही दोनों महिलाएं फरार है और पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static