भाजपा के कार्यकाल में शुरू हुए विकास कार्य : विज

punjabkesari.in Monday, Aug 21, 2017 - 10:21 AM (IST)

अंबाला(रीटा):पूर्व की सरकारों ने 70 वर्ष तक केवल झूठे वायदों की राजनीति की। विकास की ओर किसी भी सरकार ने ध्यान नहीं दिया। विकास की शुरूआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल से आरंभ हुई है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सभी सुविधाएं ऑनलाइन की जा रही हैं। उक्त वाक्य प्रदेश के स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने गांव नन्यौला में आयोजित जनसभा में कहे। इस दौरान विज ने गांव न्यौला में बने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का शिलान्यास किया। 

विज ने कहा कि प्रदेश में अस्पतालों को अपग्रेड करने के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है जहां बच्चों में डायरिया के रोग को नियंत्रित करने के लिए लगभग 3,000 रुपए की लागत का रोटावायरस इंजैक्शन नि:शुल्क लगाया जा रहा है। पायलट प्रोजैक्ट के तहत अम्बाला, पंचकूला, गुरुग्राम, भिवानी के जिला अस्पतालों में कैथ लैब भी स्थापित की जा रही है। अस्पतालों में डब्ल्यू.एच.ओ. द्वारा प्रमाणित 350 से अधिक दवाईयां और सभी आवश्यक टैस्ट निशुल्क किए जा रहे है।  इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री विज को विधायक असीम गोयल व ग्राम पंचायत ने पगड़ी और श्रीमदभगवदगीता भेंट कर सम्मानित किया।

50 वर्ष पुरानी मांग हुई पूरी
विधायक असीम गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के सहयोग से गांव नन्यौला में प्राथमिक हैल्थ सैंटर की स्थापना की 50 वर्ष पुरानी मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गठन के 50 साल पूरे होने के बावजूद नन्यौला व आसपास के गांव स्वास्थ्य जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं से वंचित है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static