आज होगा अन्तर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव का शुभारंभ, 400 नदियों के जल से होगा जलाभिषेक

punjabkesari.in Thursday, Jan 18, 2018 - 11:27 AM (IST)

पिहोवा(पुनीत सांगर): पिहोवा में आज पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सरस्वती महोत्सव का सरस्वती तीर्थ पर आगाज होगा। इस महोेत्सव का आयोजन 18 जनवरी से 22 जनवरी तक होगा। पांच दिवसीय समारोह में विभिन्न राज्यों से आए कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव में विदेशी प्रोफेसरों को भी आमंत्रित किया गया है। 

400 नदियों के जल से होगा जलाभिषेक
सरस्वती महोत्सव में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। जबकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर अध्यक्षता करेंगे। महोत्वस का शुभारंभ सरस्वती जलाभिषेक से होगा। देशभर से करीब 400 छोटी-बड़ी नदियों का पानी मंगवाया गया है, जिसमें से 50 नदियों के पानी से जलाभिषेक कर शुभारंभ किया जाएगा। बाकी नदियों के पानी से पिहोवा में 22 जनवरी को होने वाले समापन पर जलाभिषेक होगा। करीब 100-100 एमएल की बोतल पर पानी भरकर लाया गया है। 

इस प्रकार होंगे कार्यक्रम
18 जनवरी को यमुनानगर के आदिबद्री से सैकड़ों नदियों के जलाभिषेक और यज्ञ के साथ होगा महोत्सव का शुभारंभ। आदिबद्री से यात्रा भी निकाली जाएगी, जो यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र से होते हुए पिहोवा पहुंचेगी। 19 जनवरी को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और 20 जनवरी को पिहोवा में सरस्वती नदी की महत्ता विषय पर नाटक मंचन होगा। 21 जनवरी को 1100 बच्चे सामूहिक रूप से सरस्वती वंदना करेंगे। 22 जनवरी को सीएम मनोहर लाल पिहोवा में 109 नदियों के जल के साथ सरस्वती तीर्थ में जलाभिषेक करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static