हरियाणा में जंगलराज:जयहिंद

punjabkesari.in Sunday, May 21, 2017 - 12:18 PM (IST)

रोहतक:आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि हरियाणा में जंगलराज है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। ऐसे में महिला सुरक्षा व चरमराई कानून व्यवस्था को लेकर 27 मई को करनाल में सी.एम. आवास का घेराव कर उन्हें कानून व्यवस्था सुधारने व महिलाओं की सुरक्षा के लिए ज्ञापन सौंपा जाएगा। जयहिंद पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि विधायकों व मंत्रियों की सुरक्षा में अधिक पुलिसबल तैनात है, जिसकी जरूरत नहीं है। अतिरिक्त पुलिस बल महिला सुरक्षा में लगाया जाना चाहिए। हर 6 माह में डी.जी.पी. बदले जा रहे हैं, जिसके बाद भी कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा। गुरुग्राम में हुए नॉर्थ-ईस्ट महिला के गैंगरेप में सरकार का बयान था कि नॉर्थ-ईस्ट से पुलिस बुलाई जाएगी। इससे लगता है कि हरियाणा पुलिस नाकाम हो गई है। उन्होंने मंत्री कविता जैन के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें मंत्री ने कहा था कि हर लड़की को नहीं दे सकते सुरक्षा। उन्होंने कहा कि महिला होते हुए भी कविता जैन द्वारा इस प्रकार का बयान देना उचित नहीं है। अगर हर महिला को सुरक्षा नहीं मिल सकती तो अपनी सुरक्षा भी हटवाएं मंत्री।

उन्होंने कहा कि वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु और अनिल विज अपने चहेतों को, जो राई र्स्पोट्स स्कूल के घोटाले में फंसे हैं, उनको बचाने के लिए आपस में ही लड़ रहे हैं। जयहिंद ने कहा कि स्कूली लड़कियों द्वारा स्कूल अपग्रेड करवाने के आंदोलन को राजनीति का नाम देने पर सी.एम. की दूषित मानसिकता का परिचय मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस और प्रशासन लोगों एवं महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर सकते तो आर्म लाइसैंस दे दें, महिलाएं अपनी सुरक्षा स्वयं कर लेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनता पर ध्यान न देकर अपने मंत्रियों को मनाने में लगी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static