कुरुक्षेत्र में खट्टर का बदला?, मंदसौर के बदले कांग्रेस को याद दिलाया निसिंग कांड

punjabkesari.in Saturday, Jun 24, 2017 - 01:53 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (रणदीप रोड):मध्यप्रदेश के मंदसौर में किसानों पर गोलियां चलाने की घटना से किरकिरी का सामना कर रही भाजपा ने कांग्रेस से जुबानी बदला लिया है। कुरुक्षेत्र के शाहाबाद पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर के सत्याग्रह पर निशाना साधा और उन्हें निसिंग कांड याद दिलाने की कोशिश की। मंच से संबोधित हुए खट्टर ने कहा कि मंदसौर घटना पर कांग्रेस राजनीति करने से बाज आ जाए। उन्होंने कांग्रेस पर किसानों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। खट्टर ने कहा कि खुद को किसान हितैषी बताने वाली कांग्रेस करनाल के निसिंग कांड को कैसे भूल गई जब किसानों पर गोलियां बरसाईं गईं थी। 

- जानिए क्या है निसिंग कांड
करनाल (कमल मिड्ढा):करनाल के निसिंग में सात जनवरी 1993 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री भजन लाल निसिंग अनाज मंडी में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली से कुछ दिनों पहले ही सरकार ने बिजली के दाम बढ़ाने का फैसला लिया था जिसके विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने सीएम रैली स्थल के साथ ही एक महापंचायत बुलाई और सीएम का घेराव करने की योजना बना ली। आरोप है कि किसानों ने जैसे ही सीएम का घेराव कर प्रदर्शन किया मुख्यमंत्री भजन लाल ने किसानों पर गोलियां चलाने का पुलिस को आदेश दे दिया। इस गोलीकांड में दो किसानों की मौत हो गई थी और करीब 5 किसान घायल हो गए थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static