दहेज प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने निगला जहर, 2 साल पहले हुई थी शादी(Pics)

punjabkesari.in Thursday, Mar 16, 2017 - 02:15 PM (IST)

यमुनानगर(हरिंदर सिंह):यमुनानगर में एक बार फिर से दहेज के दानवों का असली चेहरा सामने आया। मिली जानकारी के अनुसार फर्कपुर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मारने का आरोप लगाया है। 

लाडवा के विकास नगर निवासी रामदयाल ने बताया कि उसकी भतीजी 24 वर्षीय नेहा की शादी 2 साल पहले गांधी नगर निवासी सुनील कुमार के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति सुनील उसके साथ मारपीट करता था। उनका यह भी आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज लाने के लिए उसे बार-बार तंग करते थे। बीती रात उनके पास फोन आया कि नेहा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है और उसकी मौत हो गई है। वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसे मारा गया है। मृतका का एक साल का बेटा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम बुलाई गई। जिन्होंने मौके से तथ्य जुटाए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। 


कुरुक्षेत्र महिला थाने में दी थी शिकायत 
मृतका के पिता राजिंद्र ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 2 साल में कई बार उसकी बेटी के साथ मारपीट हुई। कई बार पंचायती फैसले हुए। अभी 15 दिन पहले भी कुरुक्षेत्र महिला थाने में शिकायत दी थी। वहां उनका फैसला हुआ, उसके बाद ही बेटी यमुनानगर आई थी। हाल में ही 50,000 रुपए, बाइक व सास को जेवरात बनाकर दिए थे। उनका खुला आरोप है कि अब उसकी बेटी को जहर देकर मार दिया।  

थाना फर्कपुर प्रभारी वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि इस मामले में दहेज हत्या की धारा लगाई गई है। मृतका के ससुराल पक्ष के 7 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रयास है कि जांच के आधार पर जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static