नहीं हुआ सरकारी धन का दुरुपयोग : ग्रोवर

punjabkesari.in Sunday, Aug 06, 2017 - 03:20 PM (IST)

रोहतक:भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली भाजपा की राज्य सरकार के 33 महीने के कार्यकाल में हुए विकास व जनकल्याण के कार्यों पर अपनी मोहर लगा दी है। वहीं, विपक्ष ने जो सरकारी खजाने का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है, वह बेबुनियाद है क्योंकि अमित शाह के कार्यक्रम में खर्च किया गया पैसा पार्टी के खजाने से किया है, सरकारी खजाने से एक पैसा भी नहीं लगाया गया है। यह कहना है सहकारिता राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर का। वह सिंचाई विश्राम गृह में पत्रकारों से बात कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि 3 दिन के प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अलग-अलग बैठकें करके सरकार के मंत्रियों व पदाधिकारियों को न केवल प्रेरणा दी, बल्कि मार्गदर्शन भी किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के सभी 10 लोकसभा व 90 विधानसभा सीटों पर जीत सुनिश्चित करना है, इसके लिए कार्यकर्त्ता बूथ स्तर तक जाकर लोगों को पार्टी की जनकल्याण योजनाओं व उपलब्धियों से अवगत करवाएंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें निर्देश दिए हैं कि आगामी चुनाव में प्रत्येक विधायक को अपनी मौजूदा सीट के साथ-साथ बराबर वाले विधासभा क्षेत्र की सीट की जीत भी सुनिश्चित करनी होगी। शाह के दौरे को निश्चित रूप से पार्टी संगठन को मजबूती मिली है। कार्यक्रम में सुरक्षा को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच करवाकर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ग्रोवर ने कहा कि लोगों को देशभक्ति से ओत प्रोत करने के उद्देश्य से पार्टी में 9 से 30 अगस्त तक एक अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत 9 अगस्त को शहीदों की जितनी भी प्रतिमाएं लगी हैं, उनकी सफाई करके उन्हें नमन किया जाएगा और तिरंगा लेकर मशाल जलूस निकाला जाएगा। 10 से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसी अभियान के तहत नया भारत संवाद व गोष्ठियां आयोजित करके सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static