डेरा प्रमुख पर फैसले को लेकर हरियाणा सरकार अलर्ट, केंद्र से की 150 कंपनियों की मांग

punjabkesari.in Friday, Aug 18, 2017 - 12:04 PM (IST)

चंडीगढ़(पांडेय): डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत राम रहीम गुरमीत सिंह के खिलाफ साध्वी यौन शोषण प्रकरण में 25 अगस्त को सी.बी.आई. कोर्ट के फैसले पर अब हरियाणा और पंजाब सरकार की चिंता बढ़ गई है। हरियाणा ने केंद्र से 150 व पंजाब ने 250 अर्द्धसैनिक बलों की कंपनियां मांगी है। यह कंपनियां 25 अगस्त से पहले ही पहुंच जाएंगी। हरियाणा पुलिस की सबसे ज्यादा दिक्कत 25 अगस्त को डेरामुखी की पंचकूला सी.बी.आई. कोर्ट में पेशी को लेकर है। 

केंद्रीय गृह सचिव राजीव गाबा के साथ इन राज्यों के डी.जी.पी. की बैठक हो चुकी है, जिसमें सुरक्षा मामलों पर चर्चा हुई। सरकार ने पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। 25 अगस्त को डेरा प्रमुख की कोर्ट में मौजूदगी जरूरी है। लिहाजा हरियाणा सरकार अब 25 की पेशी की तैयारियों में जुट गई है। पंजाब सरकार ने केंद्र से 250 कंपनियां मांगी हैं। 

पंचकूला के सभी रास्तों होंगे सील
डेरामुखी की 25 अगस्त को पंचकूला सी.बी.आई. कोर्ट में होने वाली पेशी पर पुलिस की ओर से तैयार रूट चार्ट में पंचकूला के सभी रास्तों को सील कर दिया जाएगा। डेरे के अनुयायियों को पंचकूला कोर्ट के आसपास नहीं पहुंचने के आदेश भी दिए जा सकते हैं। इस बाबत केंद्र व प्रदेश की खुफिया एजेंसियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके बाद सरकार व पुलिस गंभीर हो गई है। केंद्र व राज्य की खुफिया एजैंसियों की ओर से अपने-अपने स्तर पर सरकारों को रिपोर्ट दी गई है कि कोर्ट फैसले के मद्देनजर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था चौकस रखना जरूरी है।

हरियाणा के 9 जिले संवेदनशील: डी.जी.पी. 
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक बी.एस. संधू ने बताया कि सुरक्षा के इंतजाम को देखते हुए पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को नहीं होने दिया जाएगा। पंचकूला, सिरसा, अम्बाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, हिसार, फतेहाबाद और जींद संवेदनशील स्थान हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static