दुल्हन लेने गए बारातियों के साथ दर्दनाक हादसा, दुल्हे की मां सहित 6 लोगों की मौत

punjabkesari.in Tuesday, Dec 12, 2017 - 01:33 PM (IST)

अंबाला(ब्यूरो): हरियाणा के अंबाला में शादी की तमाम खुशियां मातम में बदल गई। बहू के स्वागत का इंतजार कर रहे रिश्तेदार बारातियों के हादसे की खबर मिलने से शादी वाले घर में मातम पसर गया। चंडीगढ़-मनाली एन.एच.-21 पर सुंदरनगर के कांगू से हरियाणा लौट रही एक ट्रैवलर खाई में गिरने से उसमें सवार अम्बाला के 6 यात्रियों की मौत हो गई जबकि 8 लोग घायल हुए। 14 यात्रियों में से 4 की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि 2 ने अस्पताल में अंतिम सांस ली। मरने वालों में दुल्हे की मां भी थी। 
PunjabKesari
जानकारी के अनुसार रविवार रात को अंबाला के रहने वाले विवेक सेठी की हिमाचल के मंडी जिले के सुंदरनगर में शादी थी। सभी सुंदरनगर के लिए टैंपो-ट्रेवल व अन्य गाड़ियों से रवाना हो गए। रात को शादी का काम खत्म करने के बाद बराती सोमवार को दूल्हे और दुल्हन के साथ अंबाला की तरफ लौट रहे थे। टैंपो-ट्रेवल में दूल्हे की मां सहित 14 बराती सवार थे। कांगू के निकट एक कार से पास लेकर जैसे ही ट्रैवलर आगे निकली तो सामने से एक बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। इससे चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रैवलर 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी।
PunjabKesari
हादसे में धर्मपाल, महेंद्र टक्कर व पत्नी संतोष रानी, नीलम सेठी , शशि ओबराय सेक्टर दस की मौके पर मौत हो गई जबकि हरीश सेठी सेक्टर नौ, रीमा देवी, दर्शना देवी, ड्राइवर विक्रम सिंह पूजा विहार कैंट घायल हो गए। दरअसल विवेक सेठी करीब 25 साल का है और उसकी एक छोटी बहन भी है। वह बेंगलुरु की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। अभी हाल ही में उसका रिश्ता होने के बाद शादी तय हुई थी। रविवार को वह परिवार व रिश्तेदारों के साथ दुल्हन लेने गया था। 

वहीं हिमाचल प्रशासन की ओर से मृतकों को दस-दस हजार और घायलों को 5-5 व 3 हजार की राशि बतौर राहत प्रदान की गई। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर हादसे के मूल कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static