एक लाख के इनामी बदमाश कप्तान ने दिल्ली पुलिस के सामने किया सरैंडर

punjabkesari.in Thursday, Aug 10, 2017 - 04:52 PM (IST)

करनाल(सरोए):8 दिसम्बर को सैक्टर-16 स्थित ब्रह्मनंद चौक पर हुए ट्रिपल हत्याकांड के मुख्यारोपी कप्तान ने दिल्ली पुलिस के सामने सरैंडर कर दिया। करनाल पुलिस ने मुख्यारोपी को पकड़ने के लिए 1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। हत्यारोपी कप्तान के सरैंडर की सूचना मिलते ही करनाल पुलिस ने आरोपी को करनाल लाने की तैयारी शुरू कर दी है। सिटी थाना प्रभारी राजबीर सिंह यादव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि ब्रह्मानंद चौक पर हुए ट्रिपल हत्याकांड के मुख्य आरोपी कप्तान ने दिल्ली पुलिस के सामने सरैंडर कर दिया है। काबिलेगौर है कि 8 दिसम्बर को नरेश फ्रैंडस कालोनी, राजेश जाणी, गुलाब बस्तली, चांद, मनोज, संदीप उर्फ संजू व अमित गाड़ी में सवार होकर एक शादी समारोह में शिरकत करने जा रहे थे। जैसे ही वे ब्रह्मानंद चौक पर पहुंचे तो उनकी गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में नरेश, राजेश व गुलाब की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चांद व मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए। दिन-दिहाड़े हुए हत्याकांड से शहर में हड़कंप मच गया था। मामले में सिटी पुलिस ने कप्तान, बिट्टू बैरागी व 7-8 अन्य पर हत्या, आर्म्स सहित 7 गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था। तब से पुलिस इन आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही थी।

हत्या में शामिल 10 हजार के ईनामी 
तिहरे हत्याकांड के आरोपी 10 हजार के ईनामी बदमाश नौशाद को 29 जुलाई को यू.पी. पुलिस ने शामली जिले के कैराना थाना गांव भूरा में एन्काऊंटर में मार गिराया था। इस एन्काऊंटर में नौशाद का एक अन्य साथी भी पुलिस ने मार गिराया था।

दिल्ली पुलिस ने 4 आरोपियों को किया था गिरफ्तार
इसी केस में दिल्ली पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया था कि सुशील उर्फ शिल्ला, सुनील उर्फ उल्लू, अमित उर्फ लांबा, रमेश उर्फ मेशा को गिरफ्तार किया था। जबकि रैकी करने के 4 आरोपियों को भी पुलिस पकड़ चुकी है। जबकि पुलिस ने इस मामले में अन्य आरोपियों को भी पकड़ा था। अब तक पुलिस इस मामले में 10 आरोपियों को पकड़ चुकी है।ट्रिपल मर्डर के मुख्य आरोपी कप्तान ने दिल्ली पुलिस के एस.पी. जे.एस. रंधावा के सामने सरैंडर किया है, उसे पुलिस द्वारा प्रोटैक्शन वारंट पर लाकर तफ्शीश की जाएगी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए एक लाख रुपए का ईनाम भी घोषित किया था।
    


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static