हरियाणा में भी MP की तर्ज पर कानून, फंदे में होगा नाबालिग अपराधी भी

punjabkesari.in Saturday, Jan 20, 2018 - 11:53 AM (IST)

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा में महिलाओं के खिलाफ हो रही घटनाओं को रोकने के लिए हरियाणा पुलिस बड़े-बड़े दावे कर रही है लेकिन एक के बाद एक दुष्कर्म की लगातार घटनाओं से हरियाणा सुर्खियों में है। दुष्कर्म की घटनाओं में आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस के पसीने छूट रहे हैं, लेकिन पुलिस का दावा है कि अब महिला हैल्पलाइन व आप्रेशन दुर्गा समेत कई नए प्रयोगों से इन घटनाओं पर अंकुश लगाया जाएगा। 

हरियाणा पुलिस के लिए 25 और 26 जनवरी का दिन भी बेहद सिरदर्द भरा है। 25 जनवरी को जहां विवादित फिल्म पद्मावत रिलीज हो रही है वहीं डेरा सच्चा सौदा सिरसा में पूर्व डेरा प्रमुख शाह सतनाम का जन्मदिन मनाया जा रहा है, जबकि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस को लेकर प्रदेश भर में अलर्ट जारी किया गया है। इन दोनों दिन प्रदेश में कानून-व्यवस्था कायम रखना हरियाणा पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। कुछ इन्हीं खास बिंदुओं पर हरियाणा के डी.जी.पी. बी.एस. संधू से ‘पंजाब केसरी’ ने खास बातचीत की। पेश हैं बातचीत के मुख्य अंश।

दुष्कर्म के बढ़ते मामलों पर हरियाणा पुलिस की खूब किरकिरी हो रही है। पुलिस किस तरह ऐसे अपराधों पर लगाम लगाएगी?
पुलिस लगातार अपराधों पर नियंत्रण करने में जुटी है। कुछ ऐसी घटनाएं पिछले सप्ताह प्रदेश के कई जिलों में घटी,जो बेहद दुखदायी हैं। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए अब महिला हैल्पलाइन 1091 को सशक्त करने और प्रदेश में आप्रेशन दुर्गा दोबारा से रीलांच किया गया है। ऐसा मोबाइल एप भी तैयार किया जा रहा है जो मोबाइल के जरिए अपराधियों तक पहुंचने में कामयाब होगा।

दुष्कर्म की घिनौनी वारदात करने वाले युवकों व नाबालिगों के खिलाफ सख्त सजा की कोई योजना है। यदि है तो किस तरह से होगी?
बिल्कुल, हरियाणा में भी मध्य प्रदेश की तर्ज पर 15 साल के ऊपर के नाबालिगों के खिलाफ सख्त सजा का मसौदा तैयार किया जा रहा है। इसका मकसद लोगों में कानून का डर पैदा करना है ताकि ऐसी घटनाओं के बारे में कोई सोच न सके। इसके अलावा प्रदेश की जिला अदालतों में जल्द ही एक महिला अदालत का अलग से गठन किया जा रहा है जिसमें महिलाओं के उत्पीडऩ संबंधी मामलों की जल्द सुनवाई कर सजा का ऐलान किया जा सके। 

हरियाणा में कई गैंग सक्रिय नजर आ रहे हैं। बेखौफ बदमाशों को पकडऩे के लिए पुलिस की क्या योजना है?
हरियाणा के कई जिलों में गैंगवार की घटनाएं बढ़ी हैं। इस तरह के नामचीन गैंगों के बदमाशों से निपटने के लिए स्पैशल टास्क फोर्स का गठन किया गया है जो इन बदमाशों पर नजर रख रही है। गुरुग्राम के भोंडसी में एस.टी.एफ. का मुख्यालय बनाया गया है,जहां आई.जी. सौरभ सिंह की अगुवाई में टीम काम कर रही है। जल्द ही प्रदेश के सभी वांछित बदमाश एस.टी.एफ. की गिरफ्त में होंगे। हरियाणा की सीमा से सटे प्रदेशों में अपराधों की संख्या ज्यादा है। 

पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ किस तरह से तालमेल रहता है?
हरियाणा में रोहतक को छोड़कर सभी जिले किसी न किसी प्रदेश की सीमा से जुड़े हैं। इन जिलों में कानून-व्यवस्था बरकरार रखने को पड़ोसी राज्यों के साथ हरियाणा पुलिस का बेहतर तालमेल रहता है और समय-समय पर एस.पी. और डी.एस.पी. स्तर के अफसरों के साथ बैठकें होती रहती हैं। यही नहीं हमारे वायरलैस सिस्टम भी इन प्रदेशों की पुलिस के साथ अटैच रहते हैं।

एक और 25... इस बार क्या तैयारी है?
25 जनवरी को ‘पद्मावत’ रिलीज हो रही है तो वहीं डेरा प्रमुख का जन्मदिन भी मनाया जाएगा। पुलिस इन दिनों में कैसे कानून-व्यवस्था पर नजर रखेगी। फिल्म पद्मावत को लेकर देश की सबसे बड़ी अदालत ने खास निर्देश जारी किया है, जिसके तहत प्रदेश के सभी सिनेमाघरों की सुरक्षा की जाएगी और किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। रही बात सिरसा के डेरा सच्चा सौदा में शाह सतनाम के जन्मदिन की तो इसके लिए अभी तक किसी तरह की कोई परमीशन नहीं दी गई है और न ही भविष्य में परमीशन दी जाएगी। गणतंत्र दिवस पर हरियाणा पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। प्रदेश के सभी पुलिस अधीक्षकों को एहतियात बरतने के लिए खास निर्देश जारी किए गए हैं

हरियाणा पुलिस में जवानों की भारी कमी है। ऐसे में पुलिस किस तरह से दिन-रात कानून-व्यवस्था पर मुस्तैद रहेगी? 
जी, मौजूदा समय में 15 हजार जवानों की कमी है, लेकिन 5 हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती शीघ्र की जाएगी। इसके लिए कागजी प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसी महीने के अंतिम दिनों तक विज्ञापन जारी हो जाएंगे। इसमें करीब 1000 महिला कांस्टेबल की भी भर्ती की जाएगी। फिलहाल मौजूदा पुलिस बल के जरिए ही कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त किया गया है और अब हैल्प लाइन पर फोन आते ही तुरंत कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static