बच्चों सहित लापता विवाहिता गुरुग्राम से मिली

punjabkesari.in Friday, Jan 19, 2018 - 11:10 AM (IST)

रेवाड़ी(ब्यूरो):रोहड़ाई थाना क्षेत्र के गांव से लापता हुई एक विवाहिता को पुलिस ने बच्चों सहित बरामद कर लिया है। महिला को गुरुग्राम जिला के गांव धामड़ोज से बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश की रहने वाली एक महिला ने करीब 9 साल पूर्व रोहड़ाई थाना क्षेत्र के गांव के रहने वाले एक व्यक्ति से प्रेम विवाह रचाया था। महिला का अपने पति से मनमुटाव हो गया और वह 31 दिसम्बर को घर छोड़कर चली गई थी। 

महिला अपने एक बेटे व एक बेटी को भी साथ लेकर गई थी। परिवार के लोग पहले तो महिला को अपने स्तर पर ही तलाश करते रहे लेकिन कहीं पर भी जब उसका पता नहीं चल पाया तो बुधवार देर शाम परिवार के लोग रोहड़ाई थाने में गुमशुदगी की शिकायत लेकर पहुंचे। शिकायत मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई तथा तमाम जानकारियां जुटानी शुरू कर दीं। डी.एस.पी. सुरेश कुमार हुड्डा ने बताया कि पुलिस ने शिकायत मिलने के कुछ घंटों के भीतर ही महिला को धामड़ोज गांव में उसकी सहेली के घर से बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि पति से मनमुटाव के बाद महिला अपनी सहेली के घर पर चली गई थी। बृहस्पतिवार को बरामद महिला के अदालत में बयान दर्ज करवाए गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static