यमुनापार तटबंध पर बने रास्ते बंद, हरियाणा के किसानों की दिक्कतें बढ़ीं

punjabkesari.in Wednesday, Jun 14, 2017 - 03:40 PM (IST)

रादौर (मलिक):यमुनापार तटबंध पर बने रास्तों को यू.पी. प्रशासन द्वारा बंद कर देने से हरियाणा के कई गांवों के किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है और रास्ते बंद कर देने से कृषि वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई है। यू.पी. प्रशासन द्वारा बंद किए रास्ते को खुलवाने की मांग को लेकर आधा दर्जन से ज्यादा गांव के लोग यमुनानगर में सिंचाई विभाग के आला अधिकारियों से मिले। रादौर के यमुना पार गांव नकुंभ के बेचिराग हो जाने पर इस गांव के अधिकतर लोग यमुनापार ही गांव डाबर, रेतगढ़ व मंदौर में जाकर बस गए। इन गांव के अलावा रादौर के माडल टाऊन करहेड़ा, जठलाना, पोबारी सहित अनेक गांव के किसानों की जमीन यमुना पार पड़ती है। यू.पी. प्रशासन द्वारा यमुनापार बाढ़ की रोकथाम के लिए तटबंध बनाया है जिस कारण यमुना नदी में बाढ़ का पानी आ जाने पर उसका रुख हरियाणा की सीमा की ओर हो जाएगा।

यमुनापार खेती कर रहे गांव डाबर के महीपाल राणा, कुलदीप, प्रदीप, श्रवण कुमार, कर्ण, रनछौर, मामचंद, साहब सिंह ने बताया कि यू.पी. प्रशासन द्वारा गांव डीका की सीमा से लेकर गांव डाबर की सीमा तक तटबंध बना रखा है। गांव डाबर से नकुंभ की सीमा तक तटबंट पर 6 रास्ते लगते हैं जिन रास्ते से गांव जठलाना, पोबारी, माडल टाऊन करहेड़ा, डाबर, रेतगढ़, मंदौर सहित अनेक गांव के किसान अपने खेतों में आते जाते थे लेकिन 2 दिन पहले इन सभी रास्ते को यू.पी. के सिंचाई विभाग द्वारा मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया है जिससे किसानों के लिए अपने खेतों में कृषि वाहन लेकर जाना मुश्किल हो गया है। 

किसानों ने मांग करते हुए कहा कि यू.पी. प्रशासन द्वारा बंद किए गए रास्तों को दोबारा खोला जाए ताकि वे अपने खेतों में कृषि वाहन लेकर आ-जा सकें। जि.प. के पूर्व सदस्य शिव कुमार संधाला, महीपाल राणा, प्रदीप, साहब सिंह व श्रवण ने बताया कि पूरे मामले से यमुनानगर सिंचाई विभाग के आला अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्दी से जल्दी बंद किए गए रास्तों को नहीं खोला गया तो वे मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के आला अधिकारियों से मिलेंगे। रादौर के तहसीलदार अशोक कुमार ने बताया कि यमुनापार रास्ते को बंद करने से संबंधित उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने बताया कि पटवारी को मौके पर भेजा जाएगा ताकि सही स्थिति का पता चल सके। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static