जलभराव से परेशान महिलाओं ने किया प्रदर्शन

punjabkesari.in Wednesday, Sep 25, 2019 - 10:17 AM (IST)

फरीदाबाद (दीपक पांडेय): नगर निगम में अपनी समस्या लेकर आए लोगों को अधिकारी ही कुर्सी से गायब मिलते हैं। जिसके कारण उनकी परेशानी अधिक बढ़ जाती है। तिलपत स्थित शिव कॉलोनी की महिलाओं ने सड़क पर जलभराव को लेकर मंगलवार निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। शिकायत करने के लिए महिलाएं अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर काटती रही लेकिन कोई अधिकारी नहीं मिला।

जब महिलाएं अतिरिक्त आयुक्त विक्रम के दफ्तर पर पहुंची तो वह कार्यालय से गायब मिले। फिर थककर महिलाओं ने चीफ इंजीनियर के सामने गुहार लगाई। चीफ इंजीनियर ने महिलाओं की शिकायत को सुनते ही समस्या समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कार्यकारी अभियंता को मौके पर जाने का आदेश दिया। जिसके बाद महिलाएं शांत हुई।एक साल से बनी हुई जलभराव की समस्या: तिगांव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित शिव कॉलोनी सेहतपुर-तिलपत रोड के पास बसी कॉलोनी है।

यहां रहने वाले एचके मित्रा, रामनिवास, सुनीता, कलावती, विजेंद्री ने बताया कि पिछले एक साल से जलभराव की समस्या उनकी कॉलोनी में है। इस रोड के साथ ही कई कॉलोनियां बसी हुई है। सड़क के दोनों तरफ ड्रेनेज की व्यवस्था नहीं की गई है जिससे सभी कॉलोनियों का गंदा पानी शिव कॉलोनी में आकर रूक जाता है।

आज भी कई घरों के सामने गंदा पानी भरा हुआ है। अगर मुख्य रोड पर ड्रेनेज की व्यवस्था हो जाए तो समस्या का समाधान हो जाएगा। इस परेशानी को लेकर महिलाएं कई बार नगर निगम अधिकारियों से मिल चुकी है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। थक हार कर मंगलवार को महिलाएं नगर निगम मुख्यालय पर आई और प्रदर्शन करने लगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static