शहर में करीब 300 पब-बार चल रहे बिना टे्रड लाइसेंस

punjabkesari.in Monday, Sep 06, 2021 - 08:51 PM (IST)

गुडग़ांव, (कृष्ण कुमार): नगर निगम अधिकारी निगम के राजस्व को चूना लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। शहर में चारों जोन में मौजूद करीब 300 पब-बार मौजूद हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ नाममात्र के पब-बार संचालकों के पास ही ट्रेड लाइसेंस मौजूद है, अन्य ने कई-कई वर्षों से इनका नवीनीकरण नहीं करवाया है। ऐसे में यह सीधे तौर पर नगर निगम के राजस्व का घाटा है। निगम सूत्रों के अनुसार निगम अधिकारियों की मिलीभगत से इन पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि निगम अधिकारी किस प्रकार से निगम के राजस्व को चूना लगा रहे हैं।
बता दें कि शहर में पब-बार खोलने के लिए जब आबकारी विभाग से पहली बार अनुमति ली जाती है उस समय पब-बार खोलने से पहले पॉलिसी के अनुसार नगर निगम से उसके पास ट्रेड लाइसेंस होना जरुरी होता है। इसके लिए पब संचालक निगम से एक बार तो ट्रेड लाइसेंस ले लेते हैं, लेकिन बाद में उसका नवीनीकरण नहीं करवाते हैं। एक नए ट्रेड लाइसेंस के लिए करीब 17 हजार रुपये निगम में जमा होते हैं, इसके बाद जब इसका नवीनीकरण करवाया जाता है तब भी इतनी ही फीस हर वर्ष निगम में जमा करवानी होती है, लेकिन यहां पब-बार संचालक मनमर्जी व निगम अधिकारियों की लापरवाही के कारण इनके ट्रेड लाइसेंसों का नवीनीकरण नहीं हो पा रहा है।
शहर में इन जगहों पर चल रहे हैं पब-बार
नगर निगम के चारों जोन में करीब 300 के आस-पास पब-बार चल रहे हैं। मुख्य रूप से सेक्टर-29, साइबर हब, एमजी रोड़ पर सबसे ज्यादा पब-बार चल रहे हैं। इसके अलावा 32 माइलस्टोन, गोल्फ कोर्स रोड, ओल्ड दिल्ली रोड़ समेत काफी जगहों पर बिना ट्रेड लाइसेंस के ही पब-बार चलाए जा रहे हैं। नगर निगम की तरफ से  इन पर अगर सख्त कार्रवाई की जाए तो लाखों रुपये के राजस्व का फायदा हो सकता है। 
फूड लाइसेंस भी नहीं
निगम के दायरे में चल रहे 300 पब-बार में शराब परोसने के साथ यहां लंच व डिनर भी परोसा जाता है। लेकिन इन पब-बार संचालकों के पास पब-बार में खाना बनाने व उसको परोसने के लिए फूड एंड सप्लाई विभाग से भी अनुमति नहीं है। ऐसे में इस विभाग के राजस्व को चूना लगाया जा रहा है। 
वर्जन
नगर निगम की तरफ से सभी पब-बार संचालकों को ट्रेड लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए जागरुक करने के साथ उनको लगातार नोटिस दिए जा रहे हैं। नोटिस देने के बाद कुछ पब-बार संचालकों को आवेदन आने शुरू हो गए हैं। एसएस रोहिल्ला, प्रवक्ता, नगर निगम, गुरुग्राम।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Recommended News

Related News

static