डॉ राजेंद्र प्रसाद की जयंती समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Monday, Dec 06, 2021 - 04:59 PM (IST)


गुडग़ांव, (ब्यूरो): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज गुरुग्राम के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में प्रवासी एकता मंच द्वारा डॉ राजेंद्र प्रसाद की जयंती के उपलक्ष में आयोजित भोजपुरी महाकुंभ में शिरकत करते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी और डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद को अपनी भावभीनी श्रधांजलि दी। हालांकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आज इस महाकुंभ में आने का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम नहीं था, लेकिन उन्होंने एकाएक वहां पहुंचकर सभी को चौंका दिया। मुख्यमंत्री के इस प्रकार अचानक पहुंचने से लोग खुशी से गदगद हुए और उन्होंने दिल खोलकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने अपना संबोधन भोजपुरी भाषा में शुरू करते हुए उपस्थित लोगों को भोजपुरी महाकुंभ की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि उन्हें इस कार्यक्रम का निमंत्रण दिया गया था, लेकिन उस समय वे तय नहीं कर पाए लेकिन आज जब उनका हेलीकोपटर ताऊ देवी लाल स्टेडियम में उतरा तो भोजपुरी भजन उनके कानों में पड़ा और इसका प्रेम एकाएक उन्हें वहां आयोजित किए जा रहे भव्य समारोह में खींच लाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के समय डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ जुड़े और देश को आजाद कराने में योगदान दिया। वे एक क्रांतिकारी व्यक्तित्व वाले पुरुष थे। जब भारत देश आजाद हुआ तो उन्हें देश का पहला राष्ट्रपति बनाया गया। वे संविधान सभा के भी सदस्य रहे और संविधान की रचना में कई नए आयाम जोड़ें। इस अवसर पर प्रवासी एकता मंच के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री का समारोह में पहुंचने पर स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रवासी एकता मंच के सदस्यों व अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बड़ी पुष्पमाला पहनाकर उनका सम्मान किया। समारोह में मुख्यमंत्री के पब्लिक सिटी एडवाइजर अनिल कुमार राव, गुरुग्राम के मंडलायुक्त राजीव रंजन सहित कई गणमान्य व्यक्ति व अधिकारीगण उपस्थित रहे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Recommended News

Related News

static