सनकी मां ने तीन साल की बेटी को उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Monday, Nov 15, 2021 - 07:55 PM (IST)


गुडग़ांव (ब्यूरो): शहर के गांव साढराणा के पास एक सनकी मां द्वारा अपनी तीन वर्षिय बेटी का गला घोंट कर हत्या करने का मामला सामने आया है। सनकी मां ने वारदात को अंजाम उस समय दिया जब उसका पति ड्यूटी पर गया हुआ था। बेटी की हत्या के बाद आरोपी महिला ने खुद के हाथ की भी नस काट ली।

महिला का पति ड्यूटी से देर रात 12 बजे लौटा तो कमरे की कुंडी अंदर से बंद थी। जोर से धक्के मारकर जबरन दरवाजा खोल अंदर गए तो पत्नी ने हाथ की नस काटी हुई थी और बच्ची बैड पर मृत पड़ी थी। रविवार दोपहर सेक्टर-10 थाना पुलिस ने मामले में महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान भरतपुर के मूल निवासी प्रदीप सिंह ने बताया कि वह सेक्टर-33 हीरो कंपनी में नौकरी करता है। फिलहाल साढराणा की ढाणी के पास गणपति नगर कॉलोनी में मकान बनाकर रहते हैं। शनिवार दोपहर करीब दो बजे रोजाना की तरह कंपनी में ड्यूटी के लिए चला गया था। इस दौरान उनकी पत्नी पूजा रानी और तीन साल की बेटी कनिष्का ही घर पर थे। देर रात करीब 12 बजे वह घर लौटा तो घर कर दरवाजा खटखटाया, लेकिन काफी देर तक पत्नी गेट खोलने नहीं आई तो गेट को जबरन खोल कर घर के अंदर पहुंचा। कमरे में फर्श पर पत्नी पूजा लहूलुहान हालत में पड़ी थी। उसके बाएं हाथ की कलाई की नस कटी हुई थी। बैड पर बच्ची को देखा तो उसकी सांसे बंद थी। इसके बाद डायल 112 पर पीड़ित ने कॉल की। वहां से ईआरवी टीम पहुंची। एंबुलेंस में बच्ची व महिला को नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां बच्ची को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि महिला का इलाज चल रहा है। रविवार दोपहर बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Recommended News

Related News

static