दोस्त को किराए पर दिया था मकान, दोस्त ने हड़पा

punjabkesari.in Thursday, Sep 09, 2021 - 06:21 PM (IST)


गुडग़ांव, (ब्यूरो): शहर के एक रिटायर्ड तहसीलदार को अपने दोस्त पर ज्यादा भरोसा करना भारी पड़ गया। दोस्त ने रिटायर्ड तहसीलदार के मकान को किराए पर लेकर उसे हड़प लिया। इसका खुलासा उस वक्त हुआ जब रिटायर्ड तहसीलदार को अदालत से समन प्राप्त हुए। इस पर उसने सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी शिकायत में मूलरूप से पुन्हाना नूंह निवासी अय्यूब खान ने बताया कि वह बादशाहपुर से तहसीलदार (माल) के पद से रिटायर हुए हैं। गांव सकतपुर निवासी शाहिद खान से उनकी दोस्ती थी। तहसील के कार्य में व्यस्त होने के कारण उनके सभी निजी कार्य शाहिद खान करता था। शाहिद खान के कहने पर उन्होंने एक पांच मंजिला मकान खरीदा जिसमें 10 कमरे बने हुए थे। शाहिद ने अपने रिश्तेदार प्रॉपर्टी डीलर अब्बास खान के साथ मिलकर यह मकान 1.60 लाख रुपए में किराए पर ले लिया। अय्यूब खान ने आरोप लगाया कि 3 सितंबर 2019 को शाहिद ने उनके खाते में 40 लाख रुपए जमा कराए। पूछताछ पर शाहिद खान ने यह रुपए गलती से ट्रांसफर होना बताते हुए चेक ले लिया। कुछ दिन बाद यह चेक गुम होने की बात कहकर दूसरा चेक ले लिया जो बाउंस हो गया। इसके बाद शाहिद खान ने रिटायर्ड तहसीलदार से यह रुपए आरटीजीएस के जरिए वापस ले लिए। इसके बाद उन्हें मकान का किराया देना बंद कर दिया। तहसीलदार ने पुलिस को बताया कि इसके बाद अब्बास खान व शाहिद खान ने उन्हें 10 महीने का किराया 16 लाख रुपए चेक से दे दिए। आरोप है कि उन्हें 1 जुलाई 2021 को अदालत से समन प्राप्त हुआ जिसमें उन्होंने अपना मकान शाहिद व अब्बास को बेचना दिखाया। जिसमें 40 लाख व 16 लाख रुपए की पेमेंट करना दिखाया गया। इसके बाद उन्होंने शाहिद खान से बात करने के लिए फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। परिजनों को एकत्र करके पंचायत की गई, लेकिन शाहिद नहीं माना। इस पर उन्होंने सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Recommended News

Related News

static