कंपनी से जुड़कर मुनाफा कमाने का लालच देकर महिला से हड़पे 11 लाख रूपये

punjabkesari.in Wednesday, Jan 06, 2021 - 10:22 AM (IST)

यमुनानगर (ब्यूरो) : शहर में एसकेसी इंटरप्राइजिज कंपनी चलाने वाले पांच लोगों ने मिलकर एक महिला को कंपनी से जुड़कर मुनाफा कमाने का लालच देकर उससे 11 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पांचों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में अभी आरोपित फरार है।

जानकारी के अनुसार साढौरा निवासी रीना रानी ने शहर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके मायके पालसंडा जाटान में है। जिस कारण उसकी पालसंडा निवासी पंकज के साथ जान पहचान थी। जून 2019 में आरोपित पंकज अपने साथ गांव गुदियाना निवासी रिंकू, ग्रीन पार्क निवासी मनदीप, थापर कॉलोनी निवासी बिट्टू व चतरसेन को साथ लेकर उनके घर आया। आरोपियों ने उसे बताया कि वह एसकेसी इंटरप्राइजिज कंपनी चलाते हैं। जो व्यक्ति कंपनी से जुड़ता है और फिर अपने आगे अन्य व्यक्तियों को जोड़ता है तो उसे व्यक्तियों से प्राप्त रकम का 10 प्रतिशत मुनाफा हर महीने दिया जाता है। इसलिए व्यक्ति कंपनी से जुड़कर लाखों रुपए महीना कमा सकते हैं।

आरोपियोंं ने बताया कि उनका कार्यालय थापर कॉलोनी में है। वीना ने बताया कि वह आरोपियों की बातों में आ गई। उसने कंपनी में अपने व अन्य लोगों के सात लाख 90 हजार रुपये लगवा दिए। उन्होंने बताया कि आरोपितों ने 3 महीने तक उसे उक्त पैसों का 10 प्रतिशत मुनाफा दिया। मगर इसके बाद आरोपियों ने उसे पैसे देने बंद कर दिए। जब उसने इस बारे आरोपितों से बात की तो उन्होंने उसके पैसे जल्द वापस करने का आश्वासन दिया। इस दौरान उसे पता चला कि आरोपितों ने काफी लोगों से करोड़ों रुपए इकट्ठा कर लिए हैं और आरोपी कंपनी बंद कर विदेश जाने की तैयारी में है।

उन्होंने इस बारे आरोपियों से बात की तो उन्होंने उसे उसके सात लाख 90 हजार तथा तीन लाख 19 हजार रुपये ब्याज के जल्द देने का आश्वासन दिया। जो करीब 11 लाख रुपए बनते हैं। पीड़िता ने बताया कि मगर आरोपियोंं ने इसके बाद भी उसके पैसे नहीं दिए। परेशान होकर उसने आरोपितों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सभी आरोपितों के खिलाफ धारा 420, 406, 506 व 120 बी के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Manisha rana

Recommended News

Related News

static