हरियाणा के लिए 2021- नीरज ने रचा इतिहास, बाकी साल विवादों में उलझा रहा प्रदेश, पढ़िए बड़े घटनाक्रम

punjabkesari.in Friday, Dec 31, 2021 - 09:18 PM (IST)

डेस्क: हरियाणा के लिए 2021 काफी गरिमामयी रहा तो वहीं किसान आंदोलन के चलते कई विवादों से घिरता रहा। इसके अलावा, हरियाणा में भर्ती धांधलियों के खुलासे को लेकर भी हरियाणा चर्चा में बना रहा। हरियाणा का यह साल कई नए आयामों के साथ गुजरा है तो वहीं राजनीतिक हलचल भी बरकरार रही। इस साल किसान आंदोलन के चलते हरियाणा की राजनीति काफी सियासी बवाल मचा। इनेलो विधायक अभय चौटाला के इस्तीफे के बाद ऐलनाबाद उपचुनाव हुआ जो काफी चर्चित चुनाव रहा। हालांकि इस चुनाव में अभय चौटाला जीत हासिल करते हुए फिर से विधानसभा पहुंच गए।

वहीं हरियाणा के गौरव की बात यह रही कि पानीपत के रहने वाले नीरज चोपड़ा ने ओलंपिक में इतिहास रचा। इसके साथ ही हरियाणा के दूसरे खिलाडिय़ों ने भी ओलंपिक में मेडल जीतकर हरियाणा की शान बढ़ाई। साल के आखिरी दिनों में हरियाणा कैबिनेट का विस्तार किया गया, जिसमें डॉ. कमल गुप्ता व देवेन्द्र बबली को मंत्री बनाया गया। हरियाणा की मनोहर सरकार पार्ट टू का यह पहला मंत्रिमंडल विस्तार है, जिसमें भाजपा-जजपा गठबंधन के चलते दोनों पार्टियों से एक-एक नेता मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।

इसके अलावा, आपराधिक मामलों से हरियाणा को कई बार शर्मसार होना पड़ा। जिसमें रोहतक में एक प्रॉपर्टी डीलर के घर हुई चार हत्याओं का मामला काफी सनसनीखेज रहा। इस वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि प्रापर्टी डीलर का बेटा ही था।

आइए एक नजर डालते हैं इस साल हरियाणा में घटे महत्वपूर्ण घटनाक्रमों पर-

अभय का इस्तीफा फिर उपचुनाव


साल के शुरूआत में किसान आंदोलन के समर्थन में 2019 के चुनाव में इनेलो के एकमात्र विधायक बने अभय चौटाला ने अपना इस्तीफा दे दिया। 27 जनवरी को उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता को सौंपा। अभय चौटाला के इस्तीफे के बाद ऐलनाबाद सीट खाली हुई। इसके बाद 30 अक्टूबर को ऐलनाबाद उपचुनाव हुआ, जिसमें अभय चौटाला ने फिर से जीत हासिल की। हालांकि उपचुनाव में अभय चौटाला की जीत का मार्जिन पिछली बार से कम रहा जिसके चलते हलके में उनकी साख पर भी सवाल उठे।

टोक्यो ओलंपिक में बरसा सोना-चांदी

इस साल जापान के टोक्यो में ओलंपिक खेलों में भारत के लिए मेडल लाने वालों खिलाडिय़ों को लेकर भी हरियाणा का नाम चमका। टोक्यो ओलंपिक में हरियाणा से 30 खिलाड़ी भेजे गए। जिनमें से जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। जेवलिन थ्रो का यह गोल्ड मेडल 121 सालों में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल है। कुश्ती में रवि दहिया ने सिल्वर मेडल जीता और बजरंग पुनिया ने ब्रांज मेडल झटका।

एचपीएससी भर्ती धांधली का पर्दाफाश
इस साल एचपीएससी द्वारा आयोजित की गई डेंटल सर्जन भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी का खुलासा हुआ। इस गड़बड़ी में एचसीएस अनिल नागर का नाम सामने आया है, जिसे सरकार ने बर्खास्त कर दिया। भर्ती घोटाले का यह खेल करोड़ों में खेला गया, जिसकी कलई खुलने पर तकरीबन पौने चार करोड़ रूपये की रिकवरी हुई।

सिंघु बॉर्डर पर दलित की हत्या
lakhbir murder case two other nihang sardars surrendered
कृषि कानूनों के विरोध में तकरीब एक साल तक चले किसान आंदोलन में कई विवादों ने जन्म लिया। इन विवादों में सिंघु बॉर्डर पर एक दलित लखबीर सिंह की हत्या का मामला सबसे सनसनीखेज था। युवक की हत्या सिख धर्मग्रंथ की बेअदबी करने का आरोप लगाकर की गई थी, जिसकी जिम्मेवारी किसान आंदोलन में शामिल निहंग सरदारों ने ली थी। इस हत्या मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए चार निहंग सरदारों को गिरफ्तार भी किया गया था।

रोहतक में बेटा बना परिवार का हत्या 
big disclosure in quadruple murder case killer son wanted to get a gender change
रोहतक की विजय कॉलोनी में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के मामले ने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया था। प्रॉपर्टी डीलर समेत चार लोगों की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी उनका बेटा ही था, जो विदेश जाकर जेंडर चेंज करवाना चाहता था। घटना के दिन आरोपी अभिषेक ने घर में सो रही बहन को गोली मारी, उसके बाद नानी और मां को गोली मारी। इसके बाद अभिषेक ड्राइंग रूम में बैठे अपने पिता के पास गया और पिता को एक के बाद एक तीन गोलियां मारी। इन सारी वारदातों को अंजाम देने के बाद आरोपी चुपके से वहां से फरार हो गया। आरोपी ने अंदर से दरवाजा बंद कर दिया था और माता-पिता के शवों से गहने चुरा लिए थे ताकि मामला लूट का लगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static