आर्मी में भर्ती कराने का झांसा देकर ठगे 6.50 लाख रुपए

punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2020 - 09:20 AM (IST)

गोहाना : रोहतक के रुड़की गांव के एक बेरोजगार युवक से आर्मी में भर्ती के झांसे से 6.50 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित के बयान पर पिता-पुत्र सहित 3 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। मोहित हुड्डा पुत्र राम चंद्र हुड्डा रोहतक रुड़की वासी ने दी शिकायत में बताया कि वह 21 जनवरी 2019 को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी कस्बे में हैड कांस्टेबल की र्ती के लिए गया था। वहां उसे गोहाना देवीनगर में एफ.सी.आई. गोदाम वाली गली में रहने वाला सन्नी पुत्र सुरेन्द्र सिंह मिला।

सन्नी ने कहा कि गोहाना में काठमंडी में विश्वकर्मा धर्मशाला के निकट रहने वाले सुकृति पुत्र परमिन्द्र सिंह आर्मी में सेना भवन में लैफ्टिनैंट के तौर पर नियुक्त है। उसने उसके भाई को आर्मी में 5.50 लाख रुपए में सलैक्ट करवाया है। उसने सबूत के तौर पर भाई का ज्वॉइनिंग लैटर और रेलवे टिकट भी दिखाए। मोहित हुड्डा का आरोप है कि सन्नी ने उसे 6.50 लाख रुपए में आर्मी में चयनित करवाने का झांसा दिया। इसके लिए 2 लाख रुपए 18 फरवरी 2019 को एडवांस में ले लिए गए। उसके बाद वह सन्नी के कहने पर 21 फरवरी 2019 को माधवपुर में भर्ती के लिए गया। 2 दिन बाद सन्नी का फोन आया कि उसका फिजिकल टैस्ट और मैडीकल टैस्ट क्लियर हो गए हैं।

उसने बाकी के 4.50 लाख रुपए सीधे अपने खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। 7 अप्रैल 2019 को टैरीटोरियल आर्मी सैंटर में टैस्ट होना था। सुकृति ने वायदा किया कि टैस्ट में जाने की जरूरत नहीं है, वह अपने-आप क्लिचर करवा देगा। बाद में उसने फोन कर कहा कि काम हो गया है, लेकिन जब 23 मई 2019 को फाइनल लिस्ट आई, उसमें उसका नाम नहीं था। इस पर वायदा किया कि जल्द ही दूसरी लिस्ट भी आएगी, आपको ज्वॉइनिंग लैटर और बैच नम्बर मिल जाएगा। लेकिन वह लिस्ट नहीं आई। बाद में जब उसने अपने पैसे वापस मांगे, उसे जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। इसी बीच पता चला कि उसने गामड़ी गांव के आशीष पुत्र आजाद सिंह को भी ठग रखा है।

मोहित हुड्डा के अनुसार उसने वकील के जरिए लीगल नोटिस भिजवाया। उसके बाद पुलिस को शिकायत की, जिसके बाद गोहाना सिटी थाने में समझौता होने पर मुख्य आरोपी सुकृति के पिता परमिन्द्र ने 6.45 लाख रुपए का चैक दे दिया। यह चैक क्लियर नहीं हो सका। अब पुलिस ने पीड़ित के बयान पर सुकृति, उसके पिता परमिन्द्र और तीसरे आरोपी सन्नी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Manisha rana

Recommended News

Related News

static