मुख्यमंत्री ने जो सरकार की उपलब्धियां गिनवाई वो भाजपा के झूठ की पोटली: दलाल

punjabkesari.in Monday, Aug 30, 2021 - 06:20 PM (IST)

पलवल (दिनेश): कांग्रेस के पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने सोमवार को प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की नाकामी के चलते आज लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि करनाल में बेबस किसानों पर लाठी चार्ज कराना एवं देश में सरकारी संस्थाओं, उपकरणों व संपत्तियों को बड़े-बड़े उद्योगपतियों को बेचने और बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी, बिजली व वाहनों के चालान काटने के विरोध में जिला कांग्रेस पार्टी दो सितंबर को विरोध प्रदर्शन कर डीसी के मार्फत राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेगी।

दलाल ने कहा कि बेबस किसानों पर लाठीचार्ज किया गया, फिर एक अधिकारी का वीडियो जारी होता है कि किसानों के सिर पर लाठी मारो। ऐसे अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे तुरंत जेल में डाल देना चाहिए। उन्होंने जजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि दुष्यंत को किसानों की इतनी ही चिंता है तो वे कैबिनेट से क्यों नहीं हट जाते और ना हटें तो उक्त अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएं।

दलाल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मुख्यमंत्री ने जो सरकार की उपलब्धियां गिनवाई हैं, वो भाजपा के झूठ की पोटली है। आज प्रदेश की हालत खस्ता है, कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है और भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पास 2500 दिन में कोई ऐसी उपलब्धि नहीं है, जिसे जनता के सामने पेश कर सकें, क्योंकि भाजपा ने केवल देश और प्रदेश में जातियों व धर्मों में नफरत फैलाने का काम किया है।

इसी के चलते आज हरियाणा को देश में पीछे धकेलने का काम भाजपा कर रही है। दलाल ने कहा कि भाजपा की जनता विरोधी इन नीतियों के खिलाफ जिला कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता दो सितंबर को विरोध प्रदर्शन कर डीसी के मार्फत राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन भेजेंगे और देश की संपत्ति को किसी भी कीमत पर नहीं बिकने दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static