सीएम खट्टर के बयान पर अब अजय चौटाला का जवाब, चुनाव नहीं लड़ रही थी जेजेपी

punjabkesari.in Thursday, Nov 12, 2020 - 05:34 PM (IST)

सिरसा (सतनाम): मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के बरोदा उपचुनाव की हार पर दिए गए बयान के बाद गठबंधन में घमासान मच गया है। उनके बयान पर उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के बाद जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि बरोदा उपचुनाव जजपा नहीं लड़ रही थी बल्कि भाजपा लड़ रही थी, बल्कि भाजपा का सहयोग कर रही थी। रही बात वोट बैंक ट्रांसफर होने की, तो भाजपा को पिछली बार के मुकाबले में इस बार 15 हजार वोट ज्यादा मिले हैं। 

अजय सिंह चौटाला आज अपने निवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने इस मौके पर देशवासियों और प्रदेश वासियों को दीपावली और धनतेरस की बधाई भी दी। इस दौरान उन्होंने बरोदा उप चुनाव में गठबंधन सरकार को मिली हार पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव में हार का ठीकरा एक-दूसरे के पर फोड़ने की बजाय गठबंधन को हार की समीक्षा करनी चाहिए। 

अजय ने कहा कि डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, दिग्विजय सिंह चौटाला और खुद उन्होंने बरोदा में चुनाव प्रचार किया है। उन्होंने कहा कि सीएम मनोहर लाल के साथ दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला ने कई प्रोग्राम किए थे। अजय ने कहा कि चुनाव में हार के कई कारण हैं, जिसमें तीनों कृषि कानूनों का विरोध भी एक मुख्य कारण माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई मंत्री भी इस बात को स्वीकार कर चुके हैं, भाजपा के नेता तीनों कानूनों के फायदे किसानों को नहीं बता पाए। अजय सिंह चौटाला ने त्योहारी सीजन में इनेलो और कांग्रेस पर भी जमकर भड़ास निकाली। 

उन्होंने कांग्रेस और इनेलो की जल्द सरकार गिरने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस और इनेलो के नेता बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संख्या के आधार पर विपक्षी पार्टियां उनको कारण तो बताएं। बरोदा सीट तो पहले ही कांग्रेस के पास थी हार के बाद सरकार पर कोई भी फर्क नहीं पड़ने वाला है। साथ ही साथ अजय सिंह चौटाला ने अपनी पुरानी इनेलो पार्टी को नसीहत दी है कि इनेलो ने उपचुनाव के दौरान जितना प्रयास किया उसके बाद इनेलो की स्थिति धरातल पर शून्य है, बावजूद इसके इनेलो दूसरी पार्टियों पर आरोप लगा रही है। 

इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के प्रचार के बावजूद इनेलो को कितने वोट मिले इस पर मंथन करना चाहिए। अजय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो 20 विधायकों से एक विधायक तक सिमट कर रह गई है। अजय ने बरोदा उपचुनाव में विधायक बने इंदुराज नरवाल द्वारा जीत का श्रेय भूपेंद्र सिंह हुडा को देने के सवाल पर कहा कि संगठन सबका होता है न कि व्यक्ति विशेष से। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आज कई गुट बन चुके हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vinod kumar

Recommended News

Related News

static