भारत पाकिस्तान विभाजन के समय सरकार ने दिया था प्लॉट, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दूसरे के नाम कराया

punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 10:06 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान पाकिस्तान से भारत आए एक शरणार्थी परिवार को पुनर्वास योजना के तहत सोहना के धुनेला गांव में आवंटित एक कनाल (लगभग 605 वर्ग गज) जमीन को जाली राजस्व रिकॉर्ड और फर्जी जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी (जीपीए) के जरिए हड़पने के मामले में गुरुग्राम की एक अदालत ने सख्त रुख अपनाया है।  जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सूरा की अदालत ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता 38 वर्षीय सरफराज खान निवासी धुनेला, सोहना की दूसरी अग्रिम जमानत याचिका को सिरे से खारिज कर दिया है। इसके साथ ही अदालत में महत्वपूर्ण तथ्य छुपाकर राहत मांगने पर कड़ा रुख अपनाते हुए न्यायाधीश ने याचिकाकर्ता पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया, जिसे जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) गुरुग्राम में जमा करने के आदेश दिए गए हैं।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पूरा मामला वर्ष 1947 के विभाजन के समय पाकिस्तान से आए प्यारेराम उर्फ प्यारेलाल नामक शरणार्थी से जुड़ा हुआ है, जिन्हें पाकिस्तान में छोड़ी गई संपत्ति के बदले सरकार ने धुनेला गांव में एक कनाल जमीन पुनर्वास के तौर पर दी थी। प्यारेराम के निधन के बाद उनके कानूनी वारिसों को इस जमीन का मालिकाना हक विरासत में मिला। धोखाधड़ी की इस पूरी घटना का पर्दाफाश वर्ष 2024 में तब हुआ, जब पीड़ित परिवार अपनी इस पैतृक जमीन का नाम परिवर्तन (इंतकाल) कराने के लिए राजस्व विभाग पहुंचा। वहां रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि जमीन पहले ही किसी अन्य के नाम स्थानांतरित की जा चुकी थी और वर्तमान में इसका मालिकाना हक आरोपी सरफराज खान की मां नूरजहां के नाम पर दर्ज था।

 

पीड़ित परिवार की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए भोंडसी थाना पुलिस ने 11 अप्रैल 2025 को धोखाधड़ी, जालसाजी, जाली दस्तावेजों के इस्तेमाल और आपराधिक साजिश रचने की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। अभियोजन पक्ष के अनुसार, आरोपी सरफराज ने बेहद चालाकी से पूरी साजिश रची थी। उसने पहले राजस्व विभाग के रिकॉर्ड में हेरफेर कराकर जमीन का जाली इंतकाल जैसाराम के परिवार के नाम दर्ज करवाया। इसके बाद, वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक फर्जी जीपीए (जीपीए) तैयार करवाई गई। इसी फर्जी जीपीए के आधार पर जुलाई 2018 में उक्त जमीन की सेल डीड (बैनामा) सरफराज ने अपनी मां नूरजहां के नाम निष्पादित करवा ली और बाद में जमीन पर मकान और दुकानें बनाकर व्यावसायिक निर्माण भी कर लिया।

 

अदालत में सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता सरफराज के वकील मुस्तफा खान ने तर्क दिया कि पहली जमानत याचिका खारिज होने के बाद अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। उन्होंने दलील दी कि मामले में सह-आरोपी मुकेश कुमार धींगरा, महेश धींगरा और ओम प्रकाश धींगरा को नियमित जमानत मिल चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी गोपाल को पुलिस जांच में निर्दोष पाया गया है। चूंकि मामले में पुलिस चार्जशीट (चालान) दाखिल कर चुकी है, इसलिए अब हिरासत में लेकर पूछताछ करने की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके जवाब में सहायक सरकारी वकील हीना राजपाल ने अग्रिम जमानत का कड़ा विरोध करते हुए स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी समान भूमिका वाले मुख्य आरोपी को मानत नहीं मिली है। उन्होंने अदालत के संज्ञान में लाया कि सरफराज ने यह बेहद अहम तथ्य छुपाया है कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय पहले ही 22 अप्रैल को उसकी जमानत याचिका को खारिज कर चुका है।

 

अदालत ने आरोपी द्वारा हाईकोर्ट के आदेश की जानकारी छुपाने को अत्यंत गंभीर माना। सरफराज ने सत्र अदालत द्वारा अपनी पहली याचिका खारिज होने का जिक्र तो किया, लेकिन हाईकोर्ट द्वारा दिए गए आदेश को छुपा लिया। इतना ही नहीं, उसने अपने हलफनामे में भी झूठा दावा किया था कि इससे पहले उसकी कोई जमानत याचिका अनिर्णीत नहीं है और न ही उसने कोई तथ्य छुपाया है। अदालत ने हाईकोर्ट के पिछले आदेश का हवाला देते हुए दोहराया कि जाली दस्तावेज बनाने, जालसाजी और संपत्ति के अवैध हस्तांतरण के ये आरोप बेहद गंभीर हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच के लिए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करना आवश्यक है। अदालत ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति अस्वच्छ हाथो से अदालत का दरवाजा खटखटाता है और महत्वपूर्ण तथ्यों को छुपाता है, वह कानून के तहत किसी राहत का हकदार नहीं है। इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए अदालत ने आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका को जुर्माने के साथ खारिज कर दिया।

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static