बलराज कुंडू ने किसानों को मुआवजा न मिलने पर विधानसभा में मजबूती से उठाई आवाज

punjabkesari.in Thursday, Mar 03, 2022 - 06:19 PM (IST)

चंडीगढ़(धरणी) : जन सेवक मंच के संयोजक और महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू के प्रयासों की बदौलत से जल्द ही हरियाणा के 8,90,000 किसानों को मुआवजा मिलेगा। बीते साल 2021 में भारी वर्षा और जल जल भराव के कारण किसानों की फसल बर्बाद हो गई थी। इस दौरान कपास, मूंग, धान, बाजरा और गन्ना की फसल को नुकसान पहुंचा था। इस गंभीर मसले को लेकर हरियाणा के प्रभावित किसानों ने अनेक बार मुआवजा देने की मांग की पर मुआवजा नहीं मिला।  हरियाणा विधानसभा के बजट सेशन के दूसरे दिन बलराज कुंडू ने इस पूरे मामले को तथ्यों और तर्कों के साथ उठाया।  उन्होंने प्रदेश भर के प्रभावित किसानों के संबंध में सरकार से जिलावार जानकारी मांगी। बलराज कुंडू की ओर से उठाई गई आवाज के बाद मिले जवाब में हैरानी जनक तथ्य सामने आए।

सदन में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार कपास, मूंग, धान, बाजरा और गन्ना की फसल में नुकसान हुआ था जिसके लिए हरियाणा सरकार द्वारा विशेष गिरदावरी करवाई गई। इसमें करनाल, पलवल, नूंह, गुरूग्राम, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक, सोनीपत,झज्जर समेत कुल 12 जिलों के उपायुक्तों द्वारा जो रिपोर्ट दी गई उसके अनुसार 9,14,139 किसानों को प्रभावित पाया गया इनमे से 24,320 किसानों के मुआवजे को उनके बैंक खाते में सीधा स्थानातंरित किया गया है और शेष किसानों के मुआवजे को 15 मार्च 2022 तक वितरित करने के लिए उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं।

दरअसल, हरियाणा विधानसभा के बजट सेशन के दूसरे दिन महम के विधायक बलराज कुंडू ने जलभराव से खराब हुई किसानों की फसलों के मुआवजे का मामला उठाया। तथ्य सामने रखते हुए बलराज कुंडू ने कहा कि महम विधानसभा क्षेत्र के 42 गांवों में किसानों की फसलें बर्बाद हुई और अभी तक मुआवजा महज 14 गांवों "महम, बहलबा, भैणी सुरजन, सीसर खास, सैमाण, बेडवा, भैणी चन्द्रपाल, मोखरा रोज, खरक जाटान, गुगाहेड़ी, बैंसी, निंदाना और फरमाना बादशाहपुर के किसानों को ही मिल पाया है और उसमें भी बहुत से किसान वंचित रह गए हैं। बाकी गांवों में अभी तक कोई मुआवजा नहीं दिया गया है। कुंडू ने कहा कि 2021 में भारी वर्षा और जलभराव के कारण कपास, बाजरा और धान की फसल को नुक्सान पहुंचा था। कुंडू ने सवाल उठाया है कि किसानों की जिलावार संख्या कितनी है, जिन्हें मुआवजा दिया गया ? कुंडू के सवाल के जवाब में दुष्यंत चौटाला ने भी माना कि महम के 16 गांवों के 14 हजार 160 किसानों को मुआवजा दिया गया है।

जवाब में सामने आया कि प्रदेश में 150 करोड़ रुपए के करीब मुआवजा दिया जाना है और अब तक सरकार ने 61.9 करोड़ रुपए मुआवजा ही दिया है। कुंडू ने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी किसानों के खेतों में जाकर विशेष गिरदावरी करने की बजाय किसी एक घर में बैठकर रिपोर्ट तैयार करते हैं। गलत रिपोर्ट बनाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए बलराज कुंडू ने कहा कि सरकार जल्द से जल्द निष्पक्ष रूप से विशेष गिरदावरी करवाए और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए। गौरतलब है कि प्रदेश में 2021 में भारी वर्षा होने के बाद  प्रदेशभर में बाजरा, कपास व धान की फसल बर्बाद हो गई थी। किसान लगातार मुआवजे की मांग करते रहे। किसान संगठनों ने भी इसको लेकर आवाज उठाई। अब विधानसभा में किसानों की इस आवाज को महम के विधायक बलराज कुंडू ने जोरदार तरीके से उठाया। कुंडू के तथ्यों और तेवरों के बाद ही सरकार ने सदन में आश्वासन दिया कि 15 मार्च तक सभी प्रभावित किसानों को मुआवजा मिल जाएगा।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vivek Rai

Recommended News

Related News

static