लोन चुकाने के बाद भी बैंक ने महिला को किया परेशान, कंज्यूमर कोर्ट ने बैंक पर की कार्रवाई

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 08:58 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): पूरा लोन चुकाने और अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने के बाद भी एक महिला ग्राहक को किसी अन्य व्यक्ति के लोन खाते से जोड़कर मानसिक रूप से परेशान करने के मामले में जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग के अध्यक्ष संजीव जिंदल की अदालत ने बैंकों की गंभीर लापरवाही मानते हुए आदेश दिया है कि आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एचडीएफसी बैंक मिलकर पीड़ित महिला को 15 हजार रुपये का मुआवजा और 11 हजार रुपये कानूनी खर्च के रूप में अदा करें।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

मामला गुरुग्राम के हीरा नगर की रहने वाली रेशमा से जुड़ा हुआ है। रेशमा ने आईडीएफसी फर्स्ट बैंक से लोन लिया था, जिसे उन्होंने समय पर पूरी तरह चुकता कर दिया। इसके बाद उनके बैंकर एचडीएफसी बैंक की ओर से विधिवत अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी जारी कर दिया गया था। हालांकि, कर्ज पूरी तरह चुकता होने के बावजूद आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की ओर से बड़ी लापरवाही देखने को मिली। बैंक ने रेशमा के बैंक खाते को नई दिल्ली की रहने वाली एक अन्य महिला रेशमा अजित सिंह के लोन खाते की किस्त भुगतान से लिंक कर दिया। जब इस बात का पता पीड़ित महिला को चला, तो उन्होंने तुरंत अपने बैंकर एचडीएफसी बैंक से संपर्क कर इस पर कड़ा एतराज जताया, लेकिन दोनों ही बैंकों ने समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया।

 

परेशान होकर पीड़ित महिला ने जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग का दरवाजा खटखटाया। आयोग में सुनवाई के दौरान एचडीएफसी बैंक की तरफ से कोई भी प्रतिनिधि पेश नहीं हुआ, जिसके कारण बैंक का पक्ष सामने नहीं आ सका। वहीं, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने अपने लिखित जवाब में स्वीकार किया कि सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण लोन बंद होने के बाद भी ऑटो-पेमेंट का अनुरोध चला गया था। हालांकि, बैंक ने सफाई देते हुए कहा कि बाद में इस अनुरोध को निरस्त कर दिया गया था और शिकायतकर्ता के खाते से कोई राशि नहीं काटी गई थी। मामले के सभी तथ्यों और उपलब्ध दस्तावेजों पर विचार करते हुए उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष संजीव जिंदल ने माना कि भले ही ग्राहक के खाते से कोई रकम नहीं काटी गई, लेकिन बैंक की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आयोग ने स्पष्ट किया कि बैंकों की इस गंभीर त्रुटि और अनदेखी के कारण पीड़ित महिला को बेवजह मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा और अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेना पड़ा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static