सावधान : हाईवे से जाना है तो पहले जान लें रोड मैप, किसान करेंगे आज चक्का जाम

punjabkesari.in Saturday, Feb 06, 2021 - 08:50 AM (IST)

यमुनानगर : आज जिले से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग व स्टेट हाईवे पर 3 घंटे तक किसान कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर चक्का जाम करेंगे। इसके लिए किसान पिछले कई दिनों से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों विशेष रूप से टोल प्लाजा पर बैठकें कर रणनीति तय कर रहे हैं। किसानों में इस चक्का जाम को लेकर काफी उत्साह है। काले कानून को लेकर फिर संयुक्त मोर्चे की तरफ से आज देशभर में रोड़ जाम किए जाएंगे। किसानों का कहना है कि सरकार तानाशाही व गुंडागर्दी पर उतारू है एवं लेकर सरकार किसानों पर मुकद्दमे बनाकर किसानों को परेशान करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि इस बार किसानों के लिए बजट पास हुआ है उसमें किसानों को कोई उम्मीद नहीं दिखी। आरोप लगाते हुए किसानों ने कहा कि भाजपा सरकार दिल्ली आंदोलन मे कुछ शरारती तत्व घुसाकर आंदोलन को फेल करने का काम किया है। उसकी हम घोर निंदा करते हैं। उन्होंने बताया कि इसी को लेकर आज दोपहर 12 से 3 बजे तक टोल प्लाजा मिल्क माजरा पर रोड जाम किया जाएगा। 
PunjabKesari

कृषि कानून कर देंगे किसान को बर्बाद : मनदीप
भारतीय किसान यूनियन के डायरैक्टर मनदीप रोडछप्पर ने कहा कि पहले दिन से ही किसानों का आंदोलन शांतिप्रिय रहा और आगे भी रहेगा क्योंकि काले कानून आने से इस देश में भुखमरी व गरीबी हाहाकार मचा देगी। अडानी, अंबानी के राज आने से देशभर में कारोबार ठप्प हो जाएगा। उन्होंने बताया कि आज जिले में इन जगह रोड जाम होंगे। 

ये रहेंगे रोड जाम
1. स्टेट हाईवे पर टोल नाके से आगे गुरुद्वारे के पास चौराहा।
2. औरंगाबाद बाईपास के पास रादौर रोड।
3. छछरौली में पोंटा रोड साढौरा में दोसड़का चौक।
4. बिलासपुर में त्रिवेणी चौक।
5. गुमथला में। 
6. बिलासपुर में शिव चौक।

जिला पुलिस द्वारा भी हाईवे व स्टेट हाईवे पर जाम को देखते हुए रूट को लेकर मैप जारी किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार यदि औरंगाबाद पुल पर मार्ग जाम होता है तो ट्रैफिक को वाया विश्वकर्मा चौक यमुनानगर, जोडिय़ों नाका मंडेबर, बाईपास चौक हरनौल सुडैल, बाईपास चौक से वाया जिंदेड़ा, टी-प्वाइंट भम्भौली राजमार्ग 344 से होते हुए अम्बाला की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। सहारनपुर से करनाल व कुरुक्षेत्र से जाने वाले ट्रैफिक को वाया जठलाना से त्रिवेनी चौक रादौर होते हुए लाडवा कुरुक्षेत्र मार्ग पर डायवर्ट करेगा। 
PunjabKesari

यमुनानगर से अम्बाला व पंचकूला जाने वाले ट्रैफिक को मंडेबर-हरनौल बाईपास चौक सुढल बाईपास चौक जिंदेड़ा होते हुए भम्भौली टी-प्वाइंट डायवर्ट किया जाएगा तथा यमुनानगर से कुरुक्षेत्र, करनाल वाले ट्रैफिक को औरंगाबाद पुल की आने की बजाय मंडेबर, हरनौल, खेड़ी लक्खा सिंह, भोगपुर टी-प्वाइंट की ओर डायवर्ट किया जाएगा। अम्बाला चंडीगढ़ जाने वाली ट्रैफिक को सुढल बाई पास चौक से वाया जिंदेडा भम्भौली टी-प्वाइंट, भम्भौली राजमार्ग 344 से होते हुए अम्बाला की ओर डायवर्ट किया जाएगा। कुरुक्षेत्र करनाल जाने वाले ट्रैफिक को हरनौल खेड़ी लक्खा सिंह भोगपुर टी-प्वाइंट की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी प्रकार अन्य रूट भी पुलिस द्वारा निर्धारित किए गए हैं ताकि आम आदमी को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि किसी को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। पुलिस के पुख्ता प्रबंध रहेंगे। इसके लिए सभी थाना प्रबंधकों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

इंडियन नैशनल लोकदल ने टोल प्लाजा पर पहुंच दिया समर्थन
टोल प्लाजा पर लगातार धरना दे रहे किसानों का समर्थन करने इंडियन लोकदल के पूर्व विधायक व नेता दिलबाग सिंह, प्रकाश भारती राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व संगठन सचिव श्याम सिंह राणा सहित अन्य नेता टोल प्लाजा पर पहुंचे और किसानों को समर्थन का आश्वासन दिया। इन नेताओं का कहना था कि इनैलो सदा ही किसानों के साथ है। पहले भी किसानों के साथ रही है और भविष्य में भी किसानों के साथ ही रहेगी।  इन नेताओं ने कहा कि सरकार जल्द से जल्द कृषि क्षेत्र में बनाए गए कानूनों को वापस ले। इनैलो किसानों के हर आंदोलन में उनके साथ है। वर्तमान सरकार किसान व मजदूर विरोधी है और अब उसका यह चेहरा भी देश के सामने है। इस अवसर पर नरेश सारण, जाहिद खान, सुरेश शर्मा, अश्वनी दत्ता, अंकुर गंभीर, मामचंद लाठर, गुरजिंद्र सिंह खेड़ी, सर्वप्रिया जठलाना, चंद्रपाल माडो, मानिक सिंगला व परवीन कैल मौजूद रहे।

PunjabKesari
आज शिव चौक पर किसान करेंगे चक्का जाम
अखिल भारतीय किसान सभा ने खंड बिलासपुर के घाड़ क्षेत्र के गांवों का दौरा कर किसानों से अधिक से अधिक संख्या में आज सुबह 10 बजे अपने अपने ट्रैक्टर लेकर पहुंचने की अपील की। प्रधान गुरभजन सिंह मारवा खुर्द, रामकरण शर्मा, पवन राणा, गुलजार मलिक पांबनी ने कहा कि अब किसानों का आंदोलन निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। किसान शांति पूर्व चक्का जाम में भाग लेंगे। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक शिव चौक पर चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांवों में चक्का जाम को लेकर किसानों में भारी उत्साह है। हर गांव से कम से कम 10 ट्रैक्टर चक्का जाम में शामिल होंगे। किसान संगठनों द्वारा गांवों में दौरे कर किसानों को चक्का जाम में भाग लेने के लिए अपील की जा रही है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static