उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का बड़ा बयान- जल्द होगा हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार

punjabkesari.in Friday, Dec 03, 2021 - 12:02 AM (IST)

भिवानी (अशोक): हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा मंत्रिमंडल का जल्द विस्तार किया जाएगा। साथ ही कहा कि बुढ़ापा पेंशन की तरह निजी क्षेत्र में 75 फीसदी आरक्षण का कानून देश की हर सरकार लागू करेगी। दुष्यंत ने कहा कि प्रदेश सरकार के पास आंदोलन में मरे किसानों का डाटा है और केन्द्र सरकार व किसानों के साथ भी सहमति बनेगी। प्रदेश सरकार उसी अनुसार कार्यवाही के लिए तैयार है।

उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला वीरवार को भिवानी पहुँचे थे। इस दौरान उन्होंने देवीलाल सदन में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी और 9 दिसंबर को अपनी जेजेपी पार्टी के तीसरे स्थापना दिवस पर झज्जर में आयोजित जन सरोकार रैली में पहुंचने का निमंत्रण दिया। साथ ही मीडिया से रूबरू होते हुए किसान आंदोलन, एचपीएससी घोटाले, निजी क्षेत्र में 75 फीसदी आरक्षण व मंत्रिमंडल में विस्तार समेत तमाम मुद्दों पर अपनी राय रखी। 

उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जल्द ही हरियाणा मंत्रिमंडल में विस्तार को लेकर दोनों पार्टी विचार कर रही हैं। वहीं निजी क्षेत्र में 75 फीसदी स्थानीय युवाओं के आरक्षण को लेकर गुरुग्राम इंडस्ट्रियल एसोसिएशन द्वारा कोर्ट जाने पर दुष्यंत ने कहा कि बुढ़ापा पेंशन योजना में भी शुरूआती दौर में समस्याएं आई थी, पर धीरे-धीरे ये योजना देश के हर राज्य में लागू हुई। उसी प्रकार निजी क्षेत्र में 75 फीसदी आरक्षण का कानून भी जल्द पूरे देश की सरकारें लागू करेंगी। 

एचपीएससी में कथित भर्ती घोटाले पर उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इस मामले में प्रदेश सरकार गंभीर है। एचसीएस सहित सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश में ऐसी गतिविधियाँ ना हों उसके लिए पहले पेपर लीक मामले में 350 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static