2017 में हुए चुनावी हत्याकांड के गवाह पर बाइक सवारों ने बरसाई गोलियां, हालत गंभीर

punjabkesari.in Sunday, Jun 27, 2021 - 08:50 AM (IST)

भिवानी : गांव बडेसरा में 2 बाइकों पर आए 4 बदमाशों ने पूर्व सरपंच के भाई को गोलियां मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया जिसे सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पी.जी.आई. रैफर कर दिया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पंचायती चुनाव को लेकर 2017 में गांव बडेसरा में हुए हत्याकांड में पूर्व सरपंच का भाई राजकुमार गवाह था। उसी पर शनिवार देर शाम गांव में 2 बाइकों पर आए 4 युवकों ने दनादन गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

हालांकि राजकुमार को पुलिस सुरक्षा भी मिली हुई थी। इसके बावजूद उसे 3 गोलियां लगी हैं। इस वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइकों पर सवार होकर महम की ओर फरार हो गए। इसके बाद आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल राजकुमार को भिवानी सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डी.एस.पी. हैडक्वाटर विरेन्द्र सिंह अस्पताल में घायल राजकुमार के बयान लेने पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते राजकुमार के बयान नहीं हो पाए।

राजकुमार की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों से पूछताछ के आधार पर डी.एस.पी. विरेन्द्र सिंह ने बताया कि 2 बाइकों पर सवार होकर आए 4 युवकों ने गोलियां मारी हैं जो महम के भैणी गांव की ओर भाग गए। डी.एस.पी. ने बताया कि 4 साल से चल रहे इस विवाद में दोनों पक्षों के 5 लोग मारे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि एक्स-रे व सी.टी. स्कैन के बाद ही पता चलेगा कि राजकुमार को कितनी गोलियां लगी हैं या सिर्फ छर्रे लगे हैं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static