चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा, फिर भी मोबाइल छीन ले गए स्नेचर
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 07:09 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव में भले ही पुलिस का चप्पे-चप्पे पर पहरा होने का पुलिस दावा करती है, लेकिन दिन दहाड़े सड़कों पर स्नेचिंग होने की वारदात ने पुलिस के इन दावों की पोल खोल दी है। बाइक सवार बदमाशों ने ऑटो से जा रही महिला का मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। यह पूरा घटनाक्रम पीछे से आ रही एक गाड़ी के डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया। हालांकि यह घटना 31 अक्टूबर की है, लेकिन अब यह वीडियो वायरल हो रही है और पुलिस के दावों की पोल भी खोल रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन के पास एक ऑटो जा रहा है। ऑटो के पीछे चल रही एक कार को ओवरटेक कर बाइक सवार आता है तो चलते ऑटो में बैठी महिला के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो जाता है। हैरत की बात यह है कि वारदात को अंजाम बाइक चला रहे युवक ने ही दिया जिसने एक हाथ से अपनी बाइक का हैंडल संभाला जबकि दूसरे हाथ से ऑटो में बैठी महिला का मोबाइल छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी बाइक चालक ट्रैफिक के बीच गायब हो जाता है। इस घटना से जहां ऑटो सवार महिला सहम गई तो वहीं, घटना ने सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। हालांकि गुड़गांव पुलिस दावा करती है कि हर वक्त पुलिस की नजर अपराधियों पर है।
भले ही इसके लिए जगह-जगह नाके लगाए जाने का दावा किया जाता हो, लेकिन यह दावा केवल फाइलों तक ही सीमित है। दिन हो या रात गुड़गांव पुलिस कहीं भी सड़कों पर नजर नहीं आती है। हालांकि कई बार ट्रैफिक पुलिस तो नजर आती है, लेकिन इन्हें जांच के नाम पर केवल जनता को परेशान करने का ही कार्य आता है। जाम के दौरान यह ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी पुलिस बूथ में आराम फरमाते रहते हैं। इस दौरान भले ही जनता जाम से परेशान हो रही हो या कोई अपराधी इस तरह की वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहा हो, इससे इन्हें कोई लेना देना ही नहीं होता।