भाजपा ने व्यक्ति विशेष की बजाय प्रदेश के विकास को दी प्राथमिकता : जे.पी. नड्डा

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2020 - 08:59 AM (IST)

डेस्क : रानियां के निर्दलीय विधायक एवं प्रदेश सरकार में बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने आज अपने निर्वाचन क्षेत्र के गांव खारियां में आयोजित प्रगति रैली में जहां अच्छी खासी भीड़ जुटाकर अपनी सियासी ताकत का अहसास करवया तो वहीं रैली में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीयाध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भीड़ से गद्गद होकर खुलकर रणजीत सिंह की तारीफ की। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हरियाणा में आए जे.पी. नड्डा ने रैली में कहा कि पैसे से बड़ी नीयत होती है। 

नीयत साफ हो तो पैसा आ जाता है और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नीयत साफ है। यही वजह है कि आज हरियाणा में 5.5 वर्ष में एक बड़ा बदलाव आया है। हरियाणा में 2014 में लिंगानुपात 1000 पर 830 था। आज यह 923 हो गया है। हरियाणा के झज्जर में 20 हजार 535 करोड़ की लागत से 700 बैड का कैंसर अस्पताल बनाया गया है। हरियाणा विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। जब पार्टी और उसका नेता ठीक हो तभी सकारात्मक नतीजे आते हैं। उन्होंने कहा कि अब तो रणजीत सिंह उनके समधि हो गए हैं, अब तो वो हमारे हो गए हैं, हमारे से बाहर कहां जाएंगे।  

नड्डा ने कहा कि आज देश बदलाव के दौर से गुजर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में क्रांतिकारी परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने रणजीत सिंह को उच्चकोटि के नेता की तो मनोहर लाल को लोकप्रिय मुख्यमंत्री की संज्ञा दी। रैली में पहुंचने पर रणजीत सिंह ने जे.पी. नड्डा व मनोहर लाल खट्टर को सम्मान स्वरूप पगड़ी पहनाते हुए कृषि प्रतीक हल भेंट किए। इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने 17 मिनट के भाषण में ऐलान किया कि अब कोई भी आढ़ती या किसान हरियाणा में प्राइवेट अनाजमंडी स्थापित कर सकेंगे। 

उन्होंने बिजली मंत्री रणजीत सिंह द्वारा रखी गई सभी 30 मांगों को पूरा करने का ऐलान करते हुए बताया कि इन पर करीब 215 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में खजाने की चाबी किसी ओर के पास थी। इस बार उन्होंने चाबी अपने पास रख ली है। अब पैसे के लिए पूछना नहीं पड़ता है। बस काम पर मोहर लगा दी जाती है। इस दौरान ठेठ बागड़ी भाषा में  मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘2016 में सफेद माक्खी मूं थारो नरमो खराब हो गयो, सरकार थाने मुआवजा दियो।

इब मेह पर्ची-खर्ची सिस्टम बंद कर दियो। मैरिट पर ही अब थारा टाबर नौकरी लागे।’ इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि अब शिक्षा के लिए कर्ज लेने पर विद्यार्थी को गारंटी नहीं देनी होगी। विद्यार्थी के कर्ज की गारंटी सरकार लेगी। इस आशय का कानून पास कर दिया गया है। उन्होंने भी सफल रैली के लिए रणजीत सिंह को बधाई दी और कहा कि उन्होंने चुनावी नतीजों से पहले ही रणजीत सिंह को फोन कर सूचित कर दिया था कि वे विधायक बन रहे हैं। तब रणजीत सिंह ने उन्हें बिना शर्त समर्थन देने की बात कही थी।

मनोहर लाल ने कहा कि रणजीत सिंह ही ऐसे पहले निर्दलीय विधायक थे जो समर्थन देने सबसे पहले आए। अब हम इनके हैं और ये हमारे हैं। रणजीत सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने जो सम्मान उन्हें 30 सालों में नहीं दिया, भाजपा ने 3 माह में दिया है। उन्होंने कहा कि वे अपने पिता चौधरी देवीलाल की तरह जुबान के धनी हैं और अब पूरी तरह से मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में ही पूरा जीवन लगा देंगे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static