सोनीपत : धान के खेत में मिला हलवाई का शव, पांच दिन पहले हुआ था लापता
punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2020 - 11:42 AM (IST)
राई (ब्यूरो) : गांव बारोटा से पांच दिन पहले लापता हुए हलवाई का शव गांव जठेड़ी में धान के खेत के अंदर निर्वस्त्र अवस्था में क्षत-विक्षत हालत में मिला। राई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरु की तो शव की पहचान हुई। मामले की जानकारी बारोटा चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रविवार दोपहर बाद गांव जठेड़ी निवासी चिरंजीलाल धान के खेत में स्प्रे करवा रहे थे। इस दौरान खेत के अंदर एक व्यक्ति का निर्वस्त्र शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। उन्होंने गांव के सरपंच को जानकारी दी, जिस पर पुलिस को सूचित किया गया। सूचना के बाद राई थाना प्रभारी विवेक मलिक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। व्यक्ति के कपड़े पास ही रखे थे, जिन पर बीकानेर का बैज था।
पुलिस ने व्यक्ति की पहचान के लिए आसपास पता किया तो जानकारी मिली कि कुंडली के गांव बारोटा से एक व्यक्ति 22 सिंतबर से लापता है। वह बीकानेर रैस्टारैंट में काम करता था। कपड़ों से व्यक्ति की पहचान मूल रुप से नेपाल फिलहाल बारोटा निवासी छवि लाल के रुप में हुई। दीपक की पत्नी माया ने 26 सिंतबर को उसके लापता होने की शिकायत पुलिस को दी थी। पुलिस आज शव को पोस्टमार्टम करवाएंगी।