करनाल में हैबतपुर पुल के पास नहर से मिला रिटायर्ड डॉक्टर का शव, शाहबाद से संदिग्ध परिस्थितियों में हुए थे लापता

punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 11:39 AM (IST)

करनाल : हैबतपुर पुल के पास नहर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता 80 वर्षीय रिटायर्ड चिकित्सक का शव बरामद किया गया है। गोताखोर परगट सिंह ने बताया कि उन्हें डल्ला माजरा से दौलत राम के लापता होने की सूचना मिली थी। परिजन जब नहर किनारे पहुंचे तो वहां बुजुर्ग की चप्पल, स्कूटी, चश्मा और एक मोबाइल फोन मिला था। इसके बाद परिजन लगातार गोताखोरों के संपर्क में रहे और नहर में तलाश जारी थी।

परगट सिंह ने बताया कि मंगलवार को निगदू थाना प्रभारी का फोन आया। उन्होंने हैबतपुर पुल के नजदीक एक शव मिलने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे तो आसपास के लोगों ने शव को नहर से बाहर निकाला हुआ था। परिजन भी वहां पहुंच गए थे। पहचान करने पर शव दौलत राम का होने की पुष्टि हुई।

परगट सिंह के अनुसार दौलत राम ने पंजाब के मूनक में सरकारी विभाग में 45 साल तक सेवाएं दी थीं। सेवानिवृत्ति के बाद वह परिवार के साथ शाहाबाद में रह रहे थे। पुलिस ने शव करनाल के मोर्चरी हाऊस भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static