सोसाइटी की 11वीं मंजिल से कूदा BSF के DIG का बेटा, मौत

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 05:56 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-85 की द लीफ सोसाइटी की 11वीं मंजिल से कूदकर बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के DIG के बेटे ने अपनी जान दे दी। नीचे गिरने की आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग व सिक्योरिटी गार्ड मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही खेड़कीदौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर जांच शुरू कर दी है। 

 

 

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 28 वर्षीय आसीम खची के रूप में हुई है। आसीम के पिता सत्यवान खची बीएसएफ में DIG पद पर हैं। वह दिल्ली के केजी मार्ग स्थित एशिया हाउस में रहते हैं। आसीम अपनी मां के साथ द लीफ सोसायटी के एक टावर में दसवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में रहते थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। परिवार के मुताबिक वह स्वभाव से शांत थे और उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से परेशान थे और कमरे से भी बाहर कम ही निकल रहे थे।

 

परिवार के मुताबिक, बुधवार सुबह वह बालकनी में थे, इसी दौरान वह नीचे गिर गए। नीचे गिरने की आवाज सुनकर स्वजन और सोसायटी के लोग दौड़कर पहुंचे। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बालकनी और फ्लैट की भी जांच की। पुलिस इसकी जांच कर रही है कि युवक ने आत्महत्या की या वह किसी तरीके से नीचे गिरा। इसको लेकर परिवार व आसपास के लोगों से बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना के सही कारणों का पता चल सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static