कोरोना काल के बादल छंटे, नए प्रयोगों के साथ होगा बजट सत्र

punjabkesari.in Wednesday, Feb 23, 2022 - 07:54 PM (IST)

चंडीगढ़(चन्द्रशेखर धरणी): हरियाणा विधान सभा का 2 मार्च से शुरू हो रहा बजट सत्र देश भर में अभिनव प्रयोगों का साक्षी बनने जा रहा है। विधाना सभा में पेश होने वाले बजट के व्यापक अध्ययन की योजना बनाई जा रही है। इस सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने के लिए विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने बुधवार को प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव संजीव कौशल, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा और पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल समेत हरियाणा, पंजाब और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में हरियाणा और पंजाब विधान सभा के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

कोविड काल के बादल छंटने के बाद हरियाणा विधान सभा का यह पहला सत्र है। विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि वे इस सत्र को पूरे लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ चलाना चाहते हैं। इसलिए इस बार मीडियाकर्मी और जनता प्रत्यक्ष रूप से सत्र देख सकेगी। गत 2 वर्षों से बंद मीडिया गैलरी और दर्शक दीर्घा खोली जा रही हैं। बुधवार को आयोजित बैठक में गुप्ता ने पुलिस अधिकारियों और विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों को इन सबके लिए समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए।

बैठक में तय हुआ कि दर्शक दीर्घा का समुचित प्रयोग करते हुए अधिक से अधिक लोगों को सत्र  दिखाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए घंटे भर की अवधि के लिए पास जारी किए जाएंगे। इसी प्रकार मीडिया गैलरी भी करीब 2 वर्ष बाद खोली जा रही है। इसके साथ ही मीडिया के लिए नेताओं की बाइट लेने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। इसके लिए विधान सभा परिसर में विशेष रूप से डायस लगाकर मीडिया कर्मियों के बैठने के प्रबंध होंगे। यहां सभी दलों के नेता मीडिया से रूबरू हो सकेंगे।

बैठक में तय हुआ कि 2 मार्च से शुरू हो रहे विधान सभा सत्र के बजट सत्र के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा प्रबंध पुख्ता किए जाएंगे। गत वर्ष मानसून सत्र के दौरान कुछ विपक्षी विधायकों ने रोष-प्रदर्शन के दौरान चंडीगढ़ पुलिस पर धक्का-मुक्की के आरोप लगाए थे। इस बार विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने पुलिस अधिकारियों को विशेष रूप से हिदायत दी है कि किसी भी जनप्रतिनिधि के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने हरियाणा, पंजाब और यूटी चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारियों की समन्वय कमेटी बनाने के भी निर्देश दिए।

बैठक में तय हुआ है कि सत्र के दौरान किसी भी आम या खास को हथियार के साथ प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसके लिए विधान सभा सचिवालय की ओर से विधायकों को एक पत्र भी लिखा जा रहा है। बैठक में हरियाणा विधान सभा  के उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) आलोक मित्तल, आईजी सौरभ सिंह, हरियाणा विधान सभा सचिव राजेंद्र कुमार नांदल समेत अनेक अधिकारी भी मौजूद रहे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static