विधायकों को धमकी देने का मामला : पैंशन दिलवाने का झांसा देकर हासिल किए जाते थे बैंक खाते

punjabkesari.in Friday, Sep 23, 2022 - 09:33 AM (IST)

सोनीपत : विधायकों को गैंगस्टर के नाम पर विदेशों से धमकी देने वाले गैंग के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया गया है, जो फिरौती, उगाही या ठगी की रकम मंगवाने के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाता था। एस.टी.एफ. सोनीपत की टीम ने उत्तर प्रदेश के जिला संत कबीरनगर के संजय को गिरफ्तार किया है। उसने गैंग को 68 लोगों के बैंक खाते उपलब्ध कराना स्वीकार किया है। 

जून में हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में कई विधायकों से रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी नहीं देने पर उनको हत्या की धमकी दी गई थी। यह धमकियां गोल्डी बराड़ गैंग के गैंग के सदस्य बनकर पाकिस्तान सहित कई देशों के नंबरों से दी गई थीं। धमकी देने में वर्चुअल नंबरों का प्रयोग किया गया था। धमकी देने व फिरौती मांगने में एस.टी.एफ. पहले ही 7 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब इस गैंग के एक और सदस्य संजय कुमार गौतम को गिरफ्तार किया गया है। वह उत्तर प्रदेश के संत कबीरनगर जिले के गांव भरवलिया चक का रहने वाला है। वह गांव के लोगों को बहला-फुसलाकर और सरकारी पैंशन दिलवाने का झांसा देकर उनके बैंक अकाऊंट खुलवाता था। उसके बाद बैंक के ए.टी.एम. लेकर समस्त लेन-देन खुद करता था। इन खातों में ठगी व रंगदारी का रुपया ट्रांसफर किया जाता था। 

आरोपित संजय ने गैंग को 68 बैंक खाते उपलब्ध कराने की जानकारी दी है। उक्त खातों में 1.37 करोड़ रुपए ट्रांसफर करना साबित हो चुका है। अभी उसके कई अन्य साथियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। एस.टी.एफ. प्रभारी इंस्पैक्टर सुखविंदर ने बताया कि आरोपी संजय इस गैंग की मुख्य कड़ी था। उसको नोटिस देकर बुलाया गया था। पूछताछ में उसकी मिलीभगत साबित होने पर गिरफ्तार कर लिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static