नवविवाहिता को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज, पेट में पल रहे बच्चे की भी मौत

punjabkesari.in Sunday, Jun 27, 2021 - 09:20 AM (IST)

फरीदाबाद (ब्यूरो) : छह माह पहले शादी करने वाली महिला बैंक अधिकारी की ससुरालियों द्वारा दहेज के लिए फंदे से लटका कर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका पांच माह के गर्भ से थी। मृतका के भाई की शिकायत पर महिला छांयसा थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि पति मृतका से लिंग परीक्षण का दबाव बना रहा था। मना करने पर उसकी हत्या कर दी गई। थाना प्रभारी कुलदीप का कहना है कि मृतका के ससुर जयकिशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पलवल के गांव जल्हाका निवासी चरण सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उन्होंने अपनी बहन ममता (26) की शादी 6 दिसंबर 2020 को गांव जवा निवासी जय किशोर के बेटे अजय के साथ की थी। अजय आईएमटी में किसी कंपनी में नौकरी करता है। जबकि ममता सेक्टर 15 स्थित एक निजी बैंक में सहायक मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। 

स्विफ्ट कार दी थी, अब मांग रहे थे फाच्र्यूनर  
चरण सिंह का कहना है कि उन्होंने बहन की शादी में स्विफ्ट कार दी थी। शादी के 15-20 दिन के बाद से ही लड़के पक्ष वाले ने ममता को दहेज के लिए परेशान करने लगे। आरोप है कि अजय और उसका परिवार ममता से फारचूनर कार और लड़की के नाम पुस्तैनी जमीन बेचकर नगद पैसे लाने के लिए दबाव बनाते रहते थे। चरण सिंह ने बताया कि ममता के गर्भवती होने के बाद पति अजय, उसकी माता सुनीता, पिता जयकिशोर, बहन सपना व जीजा मनोज ने पेट मे पल रहे बच्चे के लिंग जांच करवाने के लिए दबाव बनाते थे। ममता ऐसा करने से मना करती थी। उनका कहना है कि पति हमेशा ये कहता रहता था कि उसे लड़की नहीं चाहिए। मृतका के भाई का आरोप है कि पति व उसके परिजनों ने शुक्रवार दोपहर करीब 3.30 बजे ममता की हत्या कर दी। उनका ये भी कहना है कि मृतका का शनिवार को जवां गांव में अंतिम संस्कार भी नहीं करने दिया। एंबुलेंस में दो घंटे तक शव बाहर पड़ा रहा। आखिर में पलवल ज्ल्हाका गांव में ले जाकर उसका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static