मुख्यमंत्री अली बाबा और भाजपा विधायक चालीस चोर : बलराज कुंडू(VIDEO)

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2020 - 09:38 AM (IST)

महम : भाजपा-जजपा सरकार से समर्थन वापस लेने की घोष्टाणा के बाद चौबीसी के चबूतरे पर पहुंचे विधायक बलराज कुंडू ने कहा कि वह अंतिम सांस तक भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे। इसके लिए उन्हें चाहे कितनी बड़ी कुर्बानी देनी पड़े। व्यापार व परिवार तक कुर्बान करना पड़े तो वह एक कदम भी पीछे नहीं हटाएंगे। चौबीसी के चबूतरे ने सदैव न्याय व सच्चाई का साथ दिया है। उनकी लड़ाई भ्रष्टाचार के खिलाफ है। 

इसमें महम चौबीसी अठगामा पंचायत को निर्णायक लड़ाई लडऩी होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर द्वारा प्रदेश के चीनी मिलों में हजारों करोड़ रुपए का घोटाला किया गया है। घोटाले से सम्बंधित दस्तावेज उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल व गृहमंत्री अनिल विज को प्रदान किए लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण यह रहा कि मुख्यमंत्री ने बिना किसी जांच के उनके द्वारा पुख्ता सबूत देने के बावजूद पूर्व मंत्री ग्रोवर के खिलाफ जांच करवाने का आश्वासन तक नहीं दिया।

उन्हें अपने स्तर पर ही क्लीन चिट दे दी। मुख्यमंत्री की उक्त कार्यशैली से साफ है कि वह भ्रष्टाचारियों को बचाना चाहते हैं। महम विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री को अली बाबा और भाजपा विधायकों को चालीस चोर कहा जाए तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री को थानेदार समझा था लेकिन पूर्व मंत्री ग्रोवर व अन्य भ्रष्टाचार के मामलों को देखते हुए वह चोरों के सरदार निकले।

उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को स्वच्छ व साफ छवि का व्यक्ति मानते हुए बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया था लेकिन तमाम सबूत देने के बाद भ्रष्टाचारियों को मुख्यमंत्री द्वारा शह देना उन्हें गवारा नहीं है इसलिए उन्होंने बिना देरी किए सरकार से समर्थन वापस लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भी भाजपा से मिली हुई है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने उनके कहने के बावजूद सदन में बात उठाने की जहमत नहीं उठाई। विधायक कुंडू ने कहा कि 22 मार्च को रोहतक के मेला ग्राऊंड में प्रदेश स्तरीय रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से वह भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू की लड़ाई आगे ले जाएंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static