भाजपा नेताओं व किसानों में झड़प, गुस्साए किसानों ने जाम किए हाईवे, मामला दर्ज करने की मांग

punjabkesari.in Friday, Dec 25, 2020 - 11:10 PM (IST)

डबवाली (संदीप): सिरसा नगर परिषद वार्ड के उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार करने गए किसानों के साथ भाजपा नेताओं की झड़प के बाद डबवाली में गुस्साए किसानों ने नेशनल हाई-वे नम्बर 9 को डबवाली के खुइयांमलकाना के पास जाम कर दिया। किसानों का गुस्सा इस कदर भड़का कि उन्होंने स्टेट हाई-वे डबवाली-रानियां-ऐलनाबाद रोड के अलावा डबवाली-कालांवाली रोड को भी जाम कर दिया। इसके अलावा आक्रोशित किसानों ने गांवों को जाने वाले लिंक रोड भी जाम कर दिया। इस दौरान किसानों ने भाजपा सरकार मुर्दाबाद, धक्काशाही नहीं चलेगी, गुंडागर्दी नहीं चलेगी जैसे नारे लगाए।

डबवाली क्षेत्र के किसानों ने कहा कि केंद्र सरकार के तीन खेती कानूनों के विरोध में पूरे देश में किसान शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा नेताओं का विरोध भी किसान शांतिपूर्वक लोकतांत्रिक तरीकों से कर रहे हैं। लेकिन किसानों के इस विरोध के चलते भाजपा के कई नेता बौखलाए हुए हैं। 

किसानों ने कहा कि इसी बौखलाहट में भाजपा नेता और कार्यकर्ता किसानों के साथ झगड़ा करने पर उतर आए हैं। किसानों ने कहा कि सिरसा में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा किसानों के साथ की गई धक्काशाही को लेकर पुलिस मामला दर्ज नहीं करेगी तब तक सभी सड़कों को जाम रखा जाएगा। किसानों ने कहा कि जब तक भाजपा नेताओं और समर्थकों पर मामला दर्ज नहीं होगा तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

पूरे जिले की सड़कें जाम करेंगे
किसान नेता देसूजोधा निवासी मनदीप सिंह ढिल्लो ने कहा कि सिरसा में भाजपा नेताओं द्वारा किसानों के साथ सरेआम गुंडागर्दी की गई है। ढिल्लो ने कहा कि पुलिस भी भाजपा नेताओं का साथ दे रही है। ऐसे में अगर पुलिस भाजपा नेताओं पर सख्त कार्रवाई नहीं करती है तो शनिवार को पूरे जिले की सड़कों को जाम कर आंदोलन को तेज किया जाएगा।

किसानों को समझाने का प्रयास
डबवाली के डीएसपी कुलदीप बेनीवाल ने कहा कि वे शाम 4 बजे से सिरसा हैं। किसानों और भाजपा नेताओं के इस विवाद को सुलझाने का पुलिस प्रयास कर रही है। किसान नेताओं के साथ बातचीत चल रही है। जल्द ही किसानों को समझाइस कर सडक़ों से जाम हटवा दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static