सी.एम. फ्लाइंग की टीम का गोदाम पर छापा, 250 लीटर पैस्टीसाइड जब्त

punjabkesari.in Wednesday, Jul 20, 2022 - 10:02 AM (IST)

घरौंडा: साई मंदिर के नजदीक गोदाम में चोरी छिपे चल रही अनधिकृत पैस्टीसाइड कम्पनी पर सी.एम. फ्लाइंग ने छापेमारी की। कृषि विभाग व पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के साथ सी.एम. फ्लाइंग टीम ने करीब 6 घंटे तक कार्रवाई की। टीम ने भारी मात्रा में पैस्टीसाइड जब्त किया है।  अनधिकृत रूप से कम्पनी चला रहे प्रोपराइटर के खिलाफ पुलिस को शिकायत दे दी है। अधिकारियों की मानें तो कुछ खाद ऐसे भी पाए गए हैं जिनकी मैन्युफैक्चरिंग यहां नहीं की जा सकती। यह किसानों के साथ बड़ा धोखा है। सैंपल फेल आए तो कोर्ट में केस डाला जाएगा। मंगलवार दोपहर सी.एम. फ्लाइंग की टीम डी.एस.पी. अजीत सिंह के नेतृत्व में इंस्पैक्टर राजेंद्र कुमार के साथ साई मंदिर रोड पर पहुंची। सी.एम. फ्लाइंग ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग के एस.डी.ओ. निपुण गुप्ता, सेल टैक्स से बलवान सिंह को भी मौके पर बुला लिया। 

कृषि विभाग के एस.डी.ओ. दिनेश कुमार, क्वालिटी कंट्रोल इंस्पैक्टर डा. सुनील बजाड़, असिस्टैंट प्लांट प्रोडक्शन मैनेजर सुरेश कुमार टीम के साथ पहुंचे। फैक्टरी में पैस्टीसाइड का बिना लाइसैंस उत्पादन व पैकिंग का कार्य किया जा रहा था। फर्म के पास 2 प्रोडक्ट का लाइसैंस था लेकिन 3 प्रोडक्ट ऐसे जो अवैध रूप से तैयार किए जा रहे थे। टीम को यहां पर पैकिंग के लिए खाली कर्टन व डिब्बे भी मिले हैं। करीब 7 से 8 प्रोडक्ट यहां पर मिले जिनके सैंपल लिए गए। इन सैंपलों को टैस्ट के लिए टीम आगे लैब में भेजेगी। रिपोर्ट फेल आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल कृषि विभाग ने फर्म पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से तैयार किए जा रहे करीब 250 लीटर प्रोडक्ट को जब्त कर लिया है और पुलिस को सौंप दिया है। साथ ही पुलिस को शिकायत भी दे दी है।

 
फर्म के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करवाई 
कृषि विभाग के एस.डी.ओ. दिनेश कुमार ने बताया कि यदि कोई दवाई मार्कीट में आती है तो उसकी 2-3 साल तक टैसिं्टग की जाती है। पैस्टीसाइड के परिणाम सामने आने के बाद ही दवाइयों को मार्कीट में उतारा जाता है। तेलू राम पैस्टीसाइड फर्म के नाम पर एफ.आई.आर. करवाई गई है। सुशील गर्ग के बेटों के नाम पर फर्म है। उन्होंने बताया कि पैस्टीसाइड के सैंपल लिए गए हैं। अगर सैंपल फेल आ जाते हैं तो कोर्ट केस किया जाएगा जिसमें सजा और जुर्माने दोनों का ही प्रावधान है।  
 
पैस्टीसाइड कम्पनी द्वारा अनधिकृत रूप से लेबल चेंज करने और स्टोरेज की शिकायत मिली थी जिसके बाद संबंधित डिपार्टमैंट्स के साथ रेड की गई। अनधिकृत रूप से कुछ प्रोडक्ट बनाए जा रहे थे। एम. पोटाश जैसे प्रोडक्ट बनाने का वैध लाइसैंस भी इनके पास नहीं है। नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-अजीत सिंह, डी.एस.पी., सी.एम. फ्लाइंग
 
सी.एम. फ्लाइंग के साथ फैक्टरी में आए हंै। पैस्टीसाइड की फार्मूलेशन पाई गई है। निरीक्षण रिपोर्ट भरकर संबंधित फर्म को नोटिस दिया जाएगा। जवाब आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-निपुण गुप्ता, एस.डी.ओ. पॉल्यूशन विभाग करनाल।
 
सी.एम. फ्लाइंग की टीम ने पैस्टीसाइड कम्पनी पर छापेमारी की थी जिसमें अनधिकृत दवाइयां पाई गई हैं। करीब 250 लीटर पैस्टीसाइड के 25 बॉक्स जब्त किए गए हैं। शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-सतीश कुमार, जांच अधिकारी, थाना घरौंडा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static