खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री ने की कई घोषणाएं, खेल अकादमी बनाने की कही बात

punjabkesari.in Monday, Jun 13, 2022 - 10:01 PM (IST)

चंडीगढ़(धरणी): पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के भव्य समापन अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा खेल अकादमी बनाने की घोषणा की। जिसमें देश भर के खिलाड़ी प्रशिक्षण ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को देखते हुए पंचकूला में एक होस्टल खोला जाएगा, जिसमें 200 खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था होगी। इसके जरिए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के साथ ही उन्हें खेल में पारंगत करेंगे। मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया में हरियाणा के मेडल विजेता खिलाड़ियों को मिलने वाली इनामी राशि को भी डबल करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी को एक लाख, सिल्वर मेडल विजेता को 60 हजार और ब्रोंज मेडल लाने वाले खिलाड़ी को 40 हजार रुपए मिलेंगे। केवल यही नहीं उन्होंने खेलों में हिस्सा लेने वाले हरियाणा के हर खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन के रूप में 5 हजार रुपए देने की घोषणा की।

खेलो इंडिया में हरियाणा के खिलाड़ियों का धाकड़ प्रदर्शन

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 'खेलो इंडिया' प्रतियोगिताओं का हरियाणा में आयोजन अत्यंत महत्व रखता है, क्योंकि इस समय खेल जगत में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पर हरियाणा की एक अलग पहचान है। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई कि हम सब मिलकर इस आयोजन को यादगार बनाने में सफल रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया प्रतियोगिताओं के परिणाम से स्पष्ट है कि हरियाणा में खेल प्रतिभाओं की भरमार है। इसलिए हमने राज्य में कुछ विशेष खेल केन्द्रों को विकसित करने की अपेक्षा गांव-गांव खेल को बढ़ावा देने का काम किया है। हम आगे भी हर खिलाड़ी को सब खेल सुविधाएं प्रदान करेंगे और हरियाणा को खेलों की नर्सरी बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, 'मैने गत 4 जून को इन खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ अवसर पर कहा था कि जिस तरह से हरियाणा का जवान धाकड़ है, हरियाणा का किसान धाकड़ है और हरियाणा का पहलवान धाकड़ है। ठीक उसी प्रकार हमारे खिलाड़ी इन खेलों में प्रदर्शन भी धाकड़ करेंगे। मुझे खुशी है कि हमारे खिलाड़ियों ने मेरी इस बात को पूरी तरह सही साबित कर दिखाया।'

खेलो इंडिया से खिलाड़ियों की उम्मीदों को लगेंगे नए पंख

मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना की और कहा कि आपने इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी दक्षता, शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया है। पदक विजेता खिलाड़ियों को विशेष रूप से बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कामना की कि जीत के इस सिलसिले को कायम रखते हुए आप अन्तर्राष्ट्रीय फलक पर भी देश के गौरव को बढ़ाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सभी अनेक यादें साथ लेकर यहां से जाएंगे और खेलों की नर्सरी बन चुके हरियाणा की मिट्टी से एक ऐसा अनुभव भी लेकर जाएंगे, जो भविष्य में आपको बुलंदियों तक पहुंचाने में सहायक बनेगा। मनोहर लाल ने उम्मीद जताई कि ये खेलो इंडिया प्रतियोगिताएं नवोदित खिलाड़ियों की उम्मीदों को नए पंख लगाने का काम करेंगी। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से कहा कि खेलो इंडिया केवल एक शुरुआत है। आपको इससे बहुत आगे जाना है। खेल केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि आपके दैनिक जीवन में शामिल होने चाहिए, चाहे वे स्थानीय खेल ही क्यों न हों।

हरियाणा बना खेलो इंडिया यूथ गेम्स का चैंपियन

उल्लेखनीय है कि हरियाणा के पंचकूला में आयोजित हुए खेलो इंडिया यूथ गेम में हरियाणा ने 52 गोल्ड के साथ पहला नंबर हासिल किया है और अपने प्रतिद्वंदी महाराष्ट्र को पछाड़ दिया है, जिसने  45 गोल्ड जीते हैं । महाराष्ट्र को इस बार 7 गोल्ड से हरियाणा ने पछाड़ने में कामयाबी हासिल की है। हरियाणा ने 52 गोल्ड, 39 सिल्वर और 46 कांस्य पदक लेकर कुल 137  पदक हासिल किए हैं जबकि महाराष्ट्र में 45 गोल्ड, 40 सिल्वर और 40 कांस्य पदक हासिल करके कुल 125 पदक  प्राप्त  किए है। इसी प्रकार, तीसरे नंबर पर कर्नाटक ने 22 गोल्ड, 17 सिल्वर और 28 कांस्य पदक हासिल करके कुल 67 पदक प्राप्त किए हैं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vivek Rai

Recommended News

Related News

static